September 17, 2026

वाराणसी में भी होंगे डब्ल्यूपीएल के लीग मुकाबले

वाराणसी । आने वाले समय में वाराणसी में भी महिला क्रिकेट लीग (डब्ल्यूपीएल) के मुकाबले हो सकते हैं। इसके अलावा आईपीएल मुकाबले होने की भी संभावना बन सकती है। एक रिपोर्टों के अनुसार कलात्मक थीम पर बने वाराणसी के अत्याधुनिक स्टेडियम में इन मैचों का आयोजन होगा। इससे उत्तर प्रदेश की उभरती प्रतिभाओं को लाभ मिलने के साथ ही यहां तेजी से खेल का विकास होगा।
डब्ल्यूपीएल संचालन परिषद की हाल में हुई बैठक में मुंबई (सीसीआई) और वडोदरा के साथ वाराणसी को भी लीग के आगामी सत्र के लिए संभावित आयोजन स्थलों के रूप में रखा गया है। ये मैच अगले साल जनवरी और फरवरी में आयोजित होने हैं, जबकि आईपीए का आयोजन मार्च से मई तक होता है। मुंबई और वडोदरा को 2027 में होने वाली आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबलों की मेजबानी भी करनी है, ऐसे में संभावना है कि वाराणसी को लीग के अधिक मैचों की मेजबानी मिल सकती है। यह वाराणसी के गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी, जो अभी अपने अंतिम चरण में है और इसे जल्द ही क्रिकेट के रोमांच के लिए तैयार माना जा रहा है।
बीसीसीआई की योजना के अनुसार, इस नए नये स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मैचों की शुरुआत से पहले, सबसे पहले घरेलू स्तर पर रणजी ट्रॉफी के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। यह अक्टूबर-नवंबर के आसपास हो सकता है, जिससे नई पिच और मैदान की गुणवत्ता तथा तैयारियों का गहराई से आकलन किया जा सके। रणजी ट्रॉफी के आयोजन से स्टेडियम की सुविधाओं और संचालन की दक्षता का भी अंदाजा हो जाएगा।
रणजी ट्रॉफी के सफल आयोजन के बाद ही, वाराणसी को इन मैचों की मेजबानी सौंपी जाएगी। डब्ल्यूपीएल को रणजी ट्रॉफी से अधिक महत्व इसलिए दी दिया जा रहा है क्योंकि इसमें देश और विदेश की शीर्ष महिला क्रिकेटर हिस्सा लेती हैं, जो दर्शकों के लिए एक बड़ा आकर्षण होती हैं। लीग के मुकाबलों का सफल आयोजन होने से वाराणसी के स्टेडियम को आईपीए जैसे बड़े और प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए अवसर मिलेगा। अगर सब कुछ उम्मीद के मुताबिक रहा तो वाराणसी में बनकर तैयार हो चुके इस स्टेडियम में अगले साल जनवरी से मार्च के बीच आयोजित होने वाले लीग के मुकाबले खेले जा सकते हैं।