जयपुर। राजस्थान के 305 नगरीय निकायों में मेयर, अध्यक्ष और सभापति पद के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के साथ ही चुनावी मुकाबला अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। नामांकन पत्रों की जांच 17 सितंबर को होगी, जबकि 18 सितंबर दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे।
अध्यक्ष और मेयर पद के लिए 21 सितंबर को मतदान कराया जाएगा, जबकि उपाध्यक्ष और उप महापौर पद के लिए 22 सितंबर को चुनाव होंगे। चुनाव परिणामों के बाद कई निकायों में स्पष्ट बहुमत न होने की वजह से निर्दलीय पार्षदों की भूमिका काफी अहम हो गई है।
अजमेर: कांग्रेस का नया प्रयोग
अजमेर नगर निगम में कांग्रेस ने सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित सीट पर ओबीसी माली समुदाय से आने वाली किरण गढ़वाल को उम्मीदवार बनाकर नया दांव खेला है। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अनामिका शर्मा को मैदान में उतारा है।
भरतपुर: 36 निर्दलीयों के भरोसे फैसला
भरतपुर के 65 वार्डों वाले निगम में बहुमत के लिए 33 पार्षदों की आवश्यकता है। यहां भाजपा के पास 20, कांग्रेस के पास 7 और निर्दलीयों के पास 36 सीटें हैं। भाजपा से अनुराधा सिंह और निर्दलीय (कांग्रेस समर्थित) विचित्रा सिंह चुनाव मैदान में हैं, जिससे बोर्ड बनाने की चाबी निर्दलीयों के हाथ में आ गई है।
भीलवाड़ा: भाजपा का स्पष्ट बहुमत
भीलवाड़ा के 70 वार्डों में भाजपा ने 45 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। भाजपा की ओर से जसवंत कंवर उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने यहां सिंबल पर अपना प्रत्याशी न उतारने का निर्णय लिया है।
बीकानेर: बागी प्रत्याशी ने बढ़ाई चुनौती
बीकानेर के 80 वार्डों में कांग्रेस 42 सीटें जीतकर बहुमत में है और पार्टी ने अनिल कल्ला को उम्मीदवार बनाया है। हालांकि, पार्टी से बागी हुए नवरतन डागा ने निर्दलीय पर्चा भरकर कांग्रेस की राह मुश्किल कर दी है। भाजपा ने यहां से सुरेंद्र सिंह को प्रत्याशी बनाया है।
अन्य प्रमुख निकायों की स्थिति
-
बारां: 60 में से 31 सीटें जीतकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। आप की ओर से शीतल राठौड़ मैदान में हैं।
-
अलवर: भाजपा की सुमनलता अग्रवाल, कांग्रेस की कमलेश शर्मा और निर्दलीय रिंकल गर्ग के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
-
पाली, झुंझुनूं और दौसा: इन तीनों निकायों में दोनों मुख्य दल बहुमत से दूर हैं और निर्दलीय पार्षद निर्णायक स्थिति में हैं।
-
कोटकासिम: कोटकासिम नगरपालिका में भाजपा की रेखा सैनी निर्विरोध अध्यक्ष चुन ली गई हैं।

More Stories
फर्जी पासपोर्ट केस में बड़ा एक्शन, अहमदाबाद से आरोपी गिरफ्तार
बाबा अंबेडकर प्रतिमा की बेअदबी पर भड़के सुखबीर बादल, मोगा में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना
जाट आरक्षण केस में 17 आरोपियों को मिली राहत, कोर्ट ने संदेह के आधार पर किया बरी