November 26, 2026

जिला प्रमुख चुनाव में किसने मारी बाजी? राजस्थान में बहुमत के बाद भी क्यों बदले नतीजे?

जयपुर। राजस्थान के जिला प्रमुख चुनाव में इस बार केवल सदस्यों का संख्याबल ही जीत की गारंटी साबित नहीं हुआ। अनेक जिलों में स्पष्ट बहुमत होने के बाद भी राजनीतिक दल अपना जिला प्रमुख नहीं बनवा सके, वहीं कई जगहों पर कम संख्या होने के बावजूद सियासी समीकरणों ने बाजी पलट दी। कांग्रेस ने 37 में से 24 जिलों में जिला प्रमुख पद पर कब्जा जमाकर बढ़त बनाई, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने भी स्पष्ट बहुमत के अभाव में पांच जिलों की सत्ता अपने नाम कर ली। चूरू में कांग्रेस का बहुमत काम नहीं आया, ब्यावर में भाजपा महज एक मत से पराजित हुई और डूंगरपुर में लॉटरी के जरिए जिला प्रमुख का चयन हुआ। इन नतीजों ने पंचायती राज राजनीति में दलों की वास्तविक चुनौतियों को उजागर कर दिया है, जहां अंतिम परिणामों में क्रॉस वोटिंग, निर्दलीय सदस्यों और ऐन वक्त की रणनीति की निर्णायक भूमिका रही।

क्षेत्रीय दलों का प्रभाव और त्रिशंकु परिषदों में बदले समीकरण

प्रदेश के 37 जिला प्रमुख पदों के निर्वाचन में कांग्रेस को 24, भाजपा को 10, भारत आदिवासी पार्टी को दो और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को एक सीट हासिल हुई। क्षेत्रीय दलों की विजय भले ही तीन जिलों तक रही हो, किंतु स्थानीय सत्ता के गणित में उनका असर स्पष्ट नजर आया। नागौर में आरएलपी के पास 19 जिला परिषद सदस्य होने के बावजूद प्रत्याशी पांचाराम को 22 मत प्राप्त हुए, यानी उन्हें तीन अतिरिक्त वोट मिले। आदिवासी बहुल बांसवाड़ा में बीएपी की रीना रावत 22 मत पाकर जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं, जहां कांग्रेस के 21, बीएपी के 17 और भाजपा के पांच सदस्य थे तथा बीएपी की जीत में भाजपा सदस्यों का समर्थन अहम रहा। डूंगरपुर में बीएपी के अनुतोष रोट और भाजपा प्रत्याशी को बराबर 14-14 वोट मिले, जिसके बाद लॉटरी से जीत बीएपी के खाते में गई। इससे यह साफ हुआ कि जहां किसी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिलता, वहां क्षेत्रीय दल व छोटे समूह सत्ता की चाबी अपने पास रखते हैं।

बहुमत के बावजूद फेल हुई रणनीति और नौ जिलों में भीतरघात की चर्चा

इस चुनाव का सबसे रोचक पक्ष यह रहा कि बहुमत रखने के बाद भी कुछ दल अपने उम्मीदवार नहीं जिता पाए। चूरू में कांग्रेस के 21 सदस्य होने के बावजूद उसकी प्रत्याशी प्रकाश देवी को महज 17 वोट मिले, जबकि भाजपा की कनिका सिंह ने 22 मत हासिल कर जीत दर्ज की और अपने 17 सदस्यों से पांच अधिक वोट पाए। इसके विपरीत ब्यावर में भाजपा के 14 सदस्य होने पर भी उसकी उम्मीदवार निर्मला देवी को 13 मत मिले और कांग्रेस की ममता गुर्जर 14 वोट पाकर एक मत से विजयी रहीं। सलूम्बर में भी भाजपा सदस्यों की क्रॉस वोटिंग का लाभ कांग्रेस की पुष्पा कुमारी मीणा को मिला, वहीं उदयपुर में भाजपा के 24 सदस्यों के मुकाबले प्रत्याशी हिम्मत सिंह झाला को 27 वोट मिले और कांग्रेस के 22 सदस्यों के बावजूद उम्मीदवार लाल सिंह 20 मतों पर सिमट गए। पूरे चुनाव के दौरान उदयपुर, धौलपुर, ब्यावर, चूरू, सीकर, जोधपुर, अजमेर, डीग और जयपुर सहित नौ जिलों में क्रॉस वोटिंग व भीतरघात की चर्चाएं तेज रहीं, हालांकि निर्वाचन आयोग के फॉर्मेट-21 में केवल प्राप्त मतों का विवरण होने से इसकी आधिकारिक पुष्टि संभव नहीं है। उधर बीकानेर में टिकट नहीं मिलने पर पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल की पुत्री सरिता निर्दलीय चुनाव लड़ीं और 18 मत हासिल किए, जबकि कांग्रेस की निकिता करवासरा 23 वोट पाकर जीतीं तथा पार्टी ने मेघवाल और उनकी बेटी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की।

आठ त्रिशंकु परिषदों में भाजपा की बढ़त और लॉटरी व निर्विरोध निर्वाचन

जिला परिषद चुनाव के बाद आठ जिलों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिल सका था, इसके बावजूद भाजपा ने बालोतरा, डीग, खैरथल-तिजारा, प्रतापगढ़ और डीडवाना-कुचामन सहित पांच जिलों में अपने जिला प्रमुख बनवा लिए, जबकि कांग्रेस को सलूम्बर और बीएपी को बांसवाड़ा व डूंगरपुर में सफलता मिली। वहीं डूंगरपुर और डीडवाना-कुचामन में मुकाबला बराबरी पर छूटने के बाद लॉटरी से परिणाम घोषित किया गया। डूंगरपुर में 14-14 मतों की बराबरी पर बीएपी के अनुतोष रोट विजेता बने, तो डीडवाना-कुचामन में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों को 14-14 वोट मिलने के बाद निकाली गई लॉटरी में भाजपा के बुद्धाराम गर्वा जिला प्रमुख चुने गए। इसके अतिरिक्त दौसा, जैसलमेर और सवाई माधोपुर में कांग्रेस उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।