August 24, 2026

मध्य प्रदेश में फिर बदला मौसम का मिजाज, IMD ने जारी किया तेज बारिश का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 24 अगस्त को राज्य भर में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इसके प्रभाव से अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की प्रबल संभावना है।

बालाघाट और डिंडौरी के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने अत्यधिक तेज बारिश की चेतावनी जारी करते हुए बालाघाट और डिंडौरी जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इन दोनों जिलों में 115.6 मिलीमीटर से लेकर 204.4 मिलीमीटर तक वर्षा दर्ज की जा सकती है। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और उफान पर चल रहे नदी-नालों को पार न करने की अपील की है।

भोपाल समेत 19 जिलों में बारिश की चेतावनी

प्रदेश में लो प्रेशर एरिया (कम दबाव का क्षेत्र) और मानसून ट्रफ के एक साथ सक्रिय होने से बारिश का सिलसिला थम नहीं रहा है। राजधानी भोपाल में रविवार रात से ही रुक-रुक कर तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम केंद्र के अनुसार भोपाल के अलावा सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, देवास, रतलाम, हरदा, ग्वालियर और गुना में भी अच्छी बारिश के आसार जताए गए हैं।