August 21, 2026

इंसाफ के लिए टंकी पर चढ़ीं तीन युवतियां, बोलीं- पहले FIR दर्ज करो

बरनाला:बरनाला जिला प्रशासनिक परिसर और कोर्ट परिसर के पास बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन दुष्कर्म पीड़ित युवतियां पानी की टंकी पर चढ़ गईं। युवतियों ने अपने-अपने मामलों में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवतियों से बातचीत शुरू की।

युवतियों के गंभीर आरोप

  • पहली युवती: अस्पताल में काम करने के दौरान उसकी मुलाकात लुधियाना के गांव सहौली निवासी एक ड्राइवर से हुई थी। आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। उसने वीडियो के जरिए ब्लैकमेल और धमकाने का भी आरोप लगाया।

  • दूसरी युवती: रायकोट निवासी एक व्यक्ति ने शादी का झांसा देकर करीब तीन वर्षों तक उसका शोषण किया। युवती के अनुसार, उसने कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

  • तीसरी युवती: सेखा रोड निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक शोषण करने का आरोप लगाया। आरोपी बाद में विदेश चला गया और संपर्क बंद कर दिया। उसने आरोपी के परिवार के सदस्यों पर भी मामले में शामिल होने का आरोप लगाया।

एकजुट होकर किया विरोध प्रदर्शन

इंसाफ की मांग को लेकर अधिकारियों के पास शिकायतें देते समय इन युवतियों की आपस में मुलाकात हुई थी। इसके बाद उन्होंने अपने मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए एक साथ मिलकर पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

थाना बरनाला के एसएचओ चरणजीत सिंह ने बताया कि एक युवती की शिकायत को डीएलए सेल में भेज दिया गया है, जबकि अन्य दो युवतियों की शिकायतों के आधार पर पुलिस रिपोर्ट तैयार कर रही है, जिसे जल्द ही कानूनी कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि बयानों और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।