मुंबई
'रॉकस्टार' साल 2011 की बेहतरीन फिल्मों में से एक है। भले ही फिल्म सेमी हिट रही, लेकिन रणबीर कपूर ने अपनी परफॉर्मेंस से ऑडियंस और क्रिटिक्स की खूब वाहवाही बटोरी। मगर क्या आप जानते हैं कि रणबीर को यह फिल्म कैसे मिली थी? हाल ही में, फिल्ममेकर इम्तियाज अली ने इसका खुलासा किया है।
आमतौर पर फिल्मकार कहानी सुनाते हैं और सितारे निर्णय लेते हैं कि उन्हें वो फिल्म करनी है या नहीं, लेकिन फिल्म 'रॉकस्टार' के मामले में उल्टा हुआ था। इस फिल्म की कहानी पहली बार रणबीर ने इम्तियाज को सुनाई थी। एक हालिया इंटरव्यू में 'चमकीला' डायरेक्टर ने खुलासा किया है।
रॉकस्टार से पहले रणबीर से मिले थे इम्तियाज अली
एक हालिया इंटरव्यू में इम्तियाज अली ने बताया कि उन्होंने कैसे रणबीर को 'रॉकस्टार' के लिए कास्ट किया था। फिल्ममेकर ने कहा, ‘यह फिल्म करने से पहले मैं एक दो-बार रणबीर से मिल चुका था। इसके बाद मैं अपनी एक फिल्म की कहानी लेकर उनके पास गया, तब उनकी फिल्म 'सांवरिया' रिलीज हो चुकी थी। मेरी कहानी सुनने के बाद रणबीर ने कहा कि आपकी एक और कहानी है, जो मैंने सुनी है और इसके बारे में मेरे दोस्त ने मुझे बताया था कि आप ये फिल्म जॉन (अभिनेता जॉन अब्राहम) के साथ बनाने वाले थे।
इम्तियाज अली ने ऐसे रणबीर को किया था कास्ट
इम्तियाज अली ने आगे बताया, "फिर रणबीर ने 'राकस्टार' की पूरी कहानी सुनाई। इस तरह से पहली बार राकस्टार की कहानी मैंने रणबीर को नहीं सुनाई थी, बल्कि किसी और से सुनकर उन्होंने मुझे सुनाई थी। जब वह मुझे कहानी सुना रहे थे तो मैं बस यही सोच रहा था कि अगर यह बंदा मेरी फिल्म करेगा तो कैसा रहेगा? इसी दौरान मैंने उनसे पूछा कि आपको यह कहानी अच्छी लगी है और क्या आप ये फिल्म करोगे? इस पर उन्होंने कहा कि हां, मैं ये फिल्म जरूर करूंगा। इस तरह तैयार हुई फिल्म राकस्टार।"
रॉकस्टार ने जीते थे कई अवॉर्ड
'रॉकस्टार' को कल्ट मूवी कहा जाता है। इस फिल्म को रणबीर ने कई अवॉर्ड अपने नाम किया था। उन्हें फिल्मफेयर में 'बेस्ट एक्टर', 'बेस्ट एक्टर इन क्रिटिक्स' और 'बेस्ट एक्टर' (आईफा) मिला था। फिल्म के गानों के लिए ए आर रहमान को बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का खिताब मिला था। फिल्म ने कुल पांच अवॉर्ड अपने नाम किए थे।

More Stories
रणबीर की ‘रामायण’ के लिए दर्शकों में जबरदस्त क्रेज, सबसे महंगी टिकट की कीमत जानकर होंगे हैरान
हर्षवर्धन राणे की नई फिल्म को लेकर चर्चा तेज, ‘पुलिस कंपनी’ में दिखेगी अंडरवर्ल्ड की दुनिया
दलेर मेहंदी विवाद पर आमने-सामने आए अलग-अलग विचार, अनुपम खेर और सोना महापात्रा की राय चर्चा में