September 17, 2026

इंदौर में स्वामित्व योजना का आगाज, नितिन नवीन ने हितग्राहियों को बांटीं रजिस्ट्रियां

इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार, 17 सितंबर को इंदौर में स्वामित्व योजना का शुभारंभ किया। गांधी नगर मैदान में आयोजित कार्यक्रम में हितग्राहियों को संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री वितरित की गई। योजना के तहत पहली रजिस्ट्री आगर मालवा जिले के बड़ौद निवासी सीताराम को प्रदान की गई।

50 लाख ग्रामीणों को मिलेगा संपत्ति का अधिकार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140 करोड़ लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के माध्यम से 50 लाख लोगों को संपत्ति का अधिकार मिलना महत्वपूर्ण कदम है। यह केवल कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि ग्रामीणों को स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का रास्ता देने वाली पहल है।

नवीन ने कहा कि आज का दिन इसलिए भी विशेष है, क्योंकि भगवान विश्वकर्मा की जयंती है। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर ने सुशासन की मिसाल कायम की थी। उनके शासन में विधवा महिलाओं को संपत्ति का अधिकार देने जैसी सोच दिखाई देती थी। करीब 250 वर्ष बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार उसी विचार को जमीन पर उतारने का काम कर रही है।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन को बताया यादगार

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेश में आयोजित कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को यादगार बनाया है और प्रदेश के ग्रामीणों को संपत्ति के अधिकार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।

विपक्ष पर लगाए विभाजनकारी सोच के आरोप

विपक्ष पर निशाना साधते हुए नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री की योजनाओं का लाभ पाने वाले लोग जब उन्हें अपना आशीर्वाद देते हैं तो विपक्ष को आपत्ति होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पूर्वजों ने विभाजनकारी मानसिकता को बढ़ावा दिया। नवीन ने कहा कि भाजपा के लिए 'नेशन फर्स्ट' है, जबकि विपक्ष की सोच 'सेल्फ फर्स्ट' की है।

ब्रिक्स सम्मेलन के फूड मेन्यू को लेकर विपक्ष द्वारा सवाल उठाए जाने पर भी नवीन ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सम्मेलन के व्यापक महत्व के बजाय खाने के मेन्यू पर चर्चा दिखाई दी, जबकि पूरे देश की निगाहें भारत में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन पर थीं।

सीएम बोले- 50 लाख ग्रामीणों की होगी नि:शुल्क रजिस्ट्री

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के 50 लाख ग्रामीणों की जमीन की नि:शुल्क रजिस्ट्री करने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह अवसर प्रदेश के लिए उत्सव जैसा है और आज ही होली, दीपावली और दशहरा मनाने जैसा माहौल है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग लाड़ली बहनों को दी जाने वाली राशि पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने महिलाओं के लिए ऐसी आर्थिक सहायता नहीं दी और भगवान का नाम लेने पर भी कांग्रेस नेताओं को आपत्ति होती है।