August 13, 2026

JPSC-JSSC मुद्दे पर छात्रों का आक्रोश बरकरार, रांची में 20 दिन बाद भी नहीं थमा प्रदर्शन

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर छात्रों का प्रदर्शन गुरुवार को 20वें दिन भी जारी रहा। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मांगों को लेकर धरना स्थल पर डटे हुए हैं। छात्रों का स्पष्ट कहना है कि जब तक परीक्षा प्रणाली में आवश्यक सुधार, गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका यह आंदोलन समाप्त नहीं होगा।

CGL परीक्षा रद्द करने और जवाबदेही तय करने की मांग

आंदोलन में शामिल छात्रों की मुख्य मांग झारखंड सीजीएल (CGL) परीक्षा को रद्द करने और पूरी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की है। प्रदर्शनकारी छात्र विकास ने कहा कि सरकारें बदलती रहती हैं, लेकिन परीक्षा में किसी भी तरह की अनिमियतता होने पर प्रशासनिक जवाबदेही तय होना बेहद जरूरी है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सालों मेहनत करने वाले युवाओं का भविष्य ऐसी गड़बड़ियों के कारण अधर में लटक जाता है।

भूख हड़ताल से बिगड़ी अभ्यर्थियों की तबीयत

आंदोलन के दौरान अपनी मांगों पर जोर देने के लिए कई छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं। छात्र करन कुमार के अनुसार, लगातार प्रदर्शन और अनशन के कारण कई अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य बिगड़ गया है। वर्तमान में देवेंद्र नाथ महतो सहित लगभग 5-6 छात्र अस्पताल में भर्ती हैं। इसके अलावा, हाल ही में हुए विधानसभा घेराव के दौरान भी कई प्रदर्शनकारियों को चोटें आई थीं।

प्रशासन पर फूट डालने का आरोप, आंदोलन जारी रखने का ऐलान

धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने स्थानीय प्रशासन पर आंदोलन को कमजोर करने और छात्रों के बीच मतभेद पैदा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। छात्रों ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी प्रशासनिक दबाव में नहीं आएंगे और पूरी तरह एकजुट हैं। उनका कहना है कि वे किसी टकराव के पक्ष में नहीं हैं, बल्कि केवल परीक्षा व्यवस्था में सुधार चाहते हैं। जब तक सरकार की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं निकाला जाता, रांची में उनका प्रदर्शन अनवरत जारी रहेगा।