October 1, 2026

फ्लाईदुबई विमान में चाकूबाजी, घायल पायलट की मदद को आगे आए दांतों के डॉक्टर

नई दिल्ली। भारतीय पायलट की अदम्य बहादुरी और सूझ-बूझ के चलते एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जिससे फ्लाईदुबई (Flydubai) के विमान में सवार 180 लोगों की जान बाल-बाल बच गई। महज दो मिनट के भीतर विमान के 17,400 फीट नीचे आने से यात्रियों में हड़कंप मच गया था, लेकिन चालक दल और यात्रियों के संयुक्त साहस ने स्थिति को संभाल लिया।

कॉकपिट में खौफनाक संघर्ष और चाकू से हमला

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दुबई से इस्राइल जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान (FZ1073) के दौरान कॉकपिट के भीतर भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार और ओमानी मूल के सह-पायलट के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि सह-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और विमान अचानक तेजी से नीचे गोता लगाने लगा। इस दौरान विमान से हाईजैकिंग का संकेत देने वाला कोड 7500 भी भेजा गया।

यात्रियों और अवकाश प्राप्त पायलटों की सूझबूझ

कॉकपिट से आ रही चीख-पुकार सुनकर विमान में सवार इस्राइली यात्रियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। गनीमत यह रही कि उन यात्रियों में दो अन्य पायलट भी थे जो छुट्टी पर यात्रा कर रहे थे। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने जैसे-तैसे कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिसके बाद यात्रियों ने हमलावर सह-पायलट को दबोचकर पूरी तरह काबू में कर लिया। इसके बाद यात्रियों और छुट्टी पर चल रहे पायलटों ने मिलकर विमान के नियंत्रण को संभाला और उसे सुरक्षित सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर लैंड कराया।

डेंटिस्ट ने बचाई घायल पायलट की जान

चाकू के हमले में कैप्टन स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका काफी खून बह चुका था। ऐसे में संकट की इस घड़ी में विमान में यात्रा कर रहे एक इस्राइली डेंटिस्ट ने आगे आकर उनकी प्राथमिक चिकित्सा की, जिससे उनका खून बहना रुका और उनकी जान बच सकी। विमान के उतरते ही कैप्टन स्मित को तबुक के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की प्रमुख टाइमलाइन

  • सुबह 6:05 बजे: विमान ने दुबई से भरी उड़ान।

  • सुबह 8:20 बजे: विमान में तकनीकी/मानवीय गड़बड़ी शुरू हुई और यह तेजी से नीचे आया।

  • सुबह 8:31 बजे: विमान से इमरजेंसी कोड 7700 प्रसारित किया गया।

  • सुबह 8:35 बजे: विमान से हाईजैकिंग का कोड 7500 भेजा गया।

  • सुबह 8:41 बजे: विमान जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ।

  • सुबह 8:46 बजे: विमान ने सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया।

  • सुबह 9:54 बजे: विमान सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा।

कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार?

लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, कैप्टन स्मित मच्छार के पास बोइंग 737 विमानों को उड़ाने का 13 साल से अधिक का लंबा अनुभव है। वह इससे पहले स्पाइसजेट (SpiceJet) में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं और जून 2022 से फ्लाईदुबई के साथ बतौर पायलट जुड़े हुए हैं। एक पॉडकास्ट में उन्होंने साझा किया था कि बचपन में उनका सपना पायलट बनने का नहीं था, बल्कि वह टेक्सटाइल इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट की पढ़ाई करने के बाद एक सेमिनार से प्रेरित होकर इस करियर में आए थे। आज उनकी बहादुरी ने सैकड़ों यात्रियों की जिंदगी बचा ली है।