नोएडा। एसओजी टीम के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह समेत 6 पुलिस वालों को सस्पेंड कर दिया है। सामान से लदा चोरी का ट्रक पकड़ने की सूचना उच्च अधिकारियों को नहीं देने के चलते पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। चोरी का ट्रक और उसमें लदा सामान बरामद करने के बाद उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं देना नोएडा फेस-2 थाने की निजी एसओजी टीम को भारी पड़ गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर सेंट्रल नोएडा डीसीपी प्रवीण रंजन ने एसओजी प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को शनिवार को सस्पेंड कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि दिवाली से एक दिन पहले निजी एसओजी प्रभारी और उनकी टीम ने चोरी का सामान लदा एक ट्रक पकड़ा था। जांच में पता चला कि ट्रक दिल्ली से चोरी किया गया था और इस संबंध में वहां के स्थानीय थाने में मुकदमा भी दर्ज था। इसके बावजूद टीम ने पांच दिन तक न तो बरामदगी की जानकारी अधिकारियों को दी और ना ही पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। इस दौरान टीम अपने स्तर पर ही मामले को देखती रही। दिल्ली पुलिस ने ट्रक की बरामदगी के संबंध में नोएडा पुलिस के अधिकारियों से जब संपर्क किया, तब इसका खुलासा हुआ। मामला संज्ञान में आते ही जोन के डीसीपी ने पूरे प्रकरण से पुलिस कमिश्नर को अवगत कराया। इसके बाद फेस-2 थाने के एसओजी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह, सब-इंस्पेक्टर विकास सिकरवार, हेड कॉन्स्टेबल आशीष कुमार व जुबेर रिजवी, कॉन्स्टेबल भूदेव और कॉन्स्टेबल आशू को सस्पेंड कर दिया गया। जनशिकायतों की अनदेखी और अपराध नियंत्रण में लापरवाही बरतने पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बीते माह पांच चौकी प्रभारियों को सस्पेंड कर दिया था। क्राइम मीटिंग में पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा के दौरान यह कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा तीन एसीपी समेत 32 पुलिस कर्मियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच शुरू कराई गई थी। सस्पेंड होने वालों में सेक्टर-24 थाना क्षेत्र की मोरना चौकी प्रभारी अजीत सिंह और सेक्टर-12/22 चौकी प्रभारी अक्षय प्रताप, जेवर थाने की आरआर साइट चौकी प्रभारी बृजलाल तथा सूरजपुर थाने की कस्बा सूरजपुर चौकी प्रभारी कपिल पांडे और कचहरी सूरजपुर चौकी प्रभारी अनिल कुमार शामिल थे।

More Stories
सोशल मीडिया पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 हिस्ट्रीशीटरों के अकाउंट ब्लॉक
जयपुर में सड़क हादसे का कहर, बोलेरो चालक की गई जान; सात लोग घायल
महिला आरक्षण पर बड़ा दांव खेलने की तैयारी में एनडीए सरकार, 2029 के चुनाव से पहले संवैधानिक बदलाव की तैयारी