जयपुर। राजस्थान में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है, जिसके चलते रात के पारे में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। राज्य के पांच प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है, जिससे सुबह और देर रात ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को फतेहपुर 4.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा। वहीं सीकर में पारा सामान्य से 2.8 डिग्री कम यानी 7 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा नागौर में 8, चूरू में 8.9 और वनस्थली में 9.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। राजधानी जयपुर में भी रात का पारा 1.2 डिग्री लुढ़ककर 13.4 डिग्री पर आ गया है, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। मौसम केंद्र का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहेगा और पश्चिमी राजस्थान समेत उत्तर-पश्चिम भारत में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट आ सकती है।
कोहरे के चलते रेलवे ने बदला 6 ट्रेनों का शेड्यूल
सर्दियों में संभावित कोहरे को देखते हुए सुरक्षित रेल यातायात सुनिश्चित करने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे ने 6 ट्रेनों के संचालन में फेरबदल किया है। यह नई व्यवस्था 1 दिसंबर से 28 फरवरी तक लागू रहेगी, जिसके तहत दो रेलगाड़ियों को पूरी तरह से रद्द कर दिया गया है और चार ट्रेनों के फेरों में कटौती की गई है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की ताजा स्थिति की जांच अवश्य कर लें।
इन चार ट्रेनों के फेरे किए गए कम
रेलवे द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, अजमेर-सियालदह ट्रेन 1 दिसंबर से 27 फरवरी के बीच प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को कुल 39 फेरों के लिए रद्द रहेगी। इसी तरह, सियालदह-अजमेर ट्रेन 2 दिसंबर से 28 फरवरी तक हर बुधवार, शुक्रवार और रविवार को कुल 39 फेरे नहीं लगाएगी। इसके अलावा डिब्रूगढ़-लालगढ़ ट्रेन 5 दिसंबर से 27 फरवरी तक प्रत्येक शनिवार को कुल 13 फेरों के लिए निरस्त रहेगी, जबकि लालगढ़-डिब्रूगढ़ ट्रेन 8 दिसंबर से 23 फरवरी तक हर मंगलवार को कुल 13 फेरों के लिए रद्द रहेगी। हालांकि, 1 दिसंबर को लालगढ़-डिब्रूगढ़ ट्रेन अपने तय समय पर नियमित रूप से संचालित की जाएगी।

More Stories
राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव की हलचल तेज, 8 जिलों में निर्दलीय निर्णायक
राजा पार्क गुरुद्वारे के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, वैकल्पिक रास्ते जारी
डिवाइडर से टकराकर तीन बार पलटी कार, मौके पर मची चीख-पुकार