अयोध्या
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में तैयार हो रहे भव्य राम मंदिर (Ram Mandir) को लेकर तैयारी जोर-शोर से जारी है। राम मंदिर के गर्भगृह में संगमरमर पर बने कमल के फूल के आसन पर सोने का सिंहासन रखा जाएगा। इसके साथ ही गर्भगृह परिसर में 18 दरवाजों पर सोने की परत चढ़ाई जाएगी। यह काम रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले ही पूरा हो जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राम मंदिर के ग्राउंड फ्लोर पर गर्भगृह परिसर में 46 दरवाजे हैं, जिनमें से 18 पर सोने की परत चढ़ाई जाएगी। गर्भगृह में रामलला की मूर्ति की स्थापना की जाएगी और 22 जनवरी को पीएम नरेंद्र मोदी प्राण प्रतिष्ठा करेंगे। मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र के अनुसार श्रद्धालुओं की तरफ से दान किए गए सोने से ही दरवाजों पर परत चढ़ाई जाएगी।
गर्भगृह के दरवाजे महाराष्ट्र के चंद्रपुर से आई सागौन की विशेष लकड़ी से तैयार किए गए हैं। इन्हें हैदराबाद के कारीगरों ने विशेष तौर पर तैयार किया है। दरवाजों पर कॉपर की लेयरिंग होगी और फिर उन पर सोने की परत चढ़ाई जाएगी। रामलला के दर्शन के लिए 45 दिनों तक 25 हजार श्रद्धालुओं को रोजाना बुलाया जाएगा।
मिश्र के अनुसार अयोध्या विवाद पर फैसले के बाद से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पैसे दान किए हैं। इसके साथ ही सोना, चांदी और अन्य बहुमूल्य मैटिरियल भी दान किए गए हैं। स्वर्ण निर्मित यह दरवाजे जनवरी के पहले सप्ताह तक बनकर तैयार हो जाएंगे। सूत्रों के अनुसार गाजियाबाद स्थित जूलरी फर्म को यह काम सौंपा गया है, जिसने आधे दरवाजों पर सोने की लेयरिंग तैयार कर दी है।

More Stories
लॉरेंस बिश्नोई जेल में बंद, फिर भी कैसे चल रहा गैंग का नेटवर्क? समझें पूरी कहानी
मोहन भागवत के संबोधन से प्रभावित हुए पीएम मोदी, पंच परिवर्तन पर कही बड़ी बात
चटख धूप से चमकीं हिमालय की चोटियां, पर्यटन स्थलों पर बढ़ी रौनक