November 22, 2026

किशोर की मौत पर गरमाई सियासत, योगी ने अखिलेश पर बोला हमला

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के रोडशो के दौरान हुए हादसे में 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत को लेकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, उसी तरह गुंडे और माफिया भी कभी सुधर नहीं सकते। उनके मुताबिक, इन्हें डंडे के जोर से ही सीधा किया जा सकता है और उनकी सरकार यही कार्रवाई कर रही है। उन्होंने रोडशो के दौरान फैली अराजकता का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में बेहतर सड़कें माफिया को बढ़ावा देने वाली पार्टी के गुंडों को अराजकता फैलाने के लिए नहीं बनाई गई हैं।

उन्होंने इस हादसे के बाद सपा प्रमुख द्वारा संवेदना के दो शब्द भी न कहे जाने पर सवाल खड़े किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस मासूम और होनहार बच्चे का आखिर क्या कसूर था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर जाएंगे और उन्हें न्याय दिलाएंगे। उनके अनुसार, किसी भी तरह की अराजकता सहन नहीं की जाएगी और माफिया पोषक पार्टी के गुंडों को कड़ा सबक सिखाया जाएगा।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने वानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। इस अवसर पर वनमंत्री अरुण कुमार ने घोषणा की कि इस विश्वविद्यालय का नाम ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के नाम पर रखा जाएगा। कार्यक्रम के बाद टाउनहाल में मुख्यमंत्री की जनचौपाल प्रस्तावित है, जिसके बाद वे आर्यवर्धन के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देंगे।