गाजियाबाद: अंकुर विहार थाना पुलिस को बुधवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान चोरी और नकबजनी की घटनाओं में शामिल दो शातिर अपराधियों को दबोच लिया। खुद को घिरा देख बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। गिरोह के कब्जे से चोरी के 4,700 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, ताला तोड़ने के औजार, 315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस जब्त किए गए हैं।
चोरी की फिराक में घूम रहे थे बदमाश, चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर चलाई गोली
सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) अंकुर विहार अमरदीप मौर्य के मुताबिक, बीते 7 सितंबर को सुंदर विहार सहदुल्लाबाद क्षेत्र में एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी की गई थी। बुधवार को गुप्त सूचना मिली कि वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोर फिर किसी नई वारदात की फिराक में इलाके में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने रामलीला मैदान-गढ़ी कटैया मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को जब रुकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने पुलिस पर सीधा निशाना साधते हुए गोलियां चला दीं।
हरियाणा और मैनपुरी के रहने वाले हैं मुठभेड़ में घायल आरोपी
आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत काबू कर लिया गया। पकड़े गए घायल अभियुक्तों की पहचान आकिब (29 वर्ष, निवासी मडौरा, सोनीपत, हरियाणा) और ध्यान सिंह (30 वर्ष, निवासी मधूपुर, मैनपुरी) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया है।
पूछताछ में खुले अन्य साथियों के नाम, आरोपियों पर दर्ज हैं संगीन मुकदमे
शुरुआती जांच और पूछताछ में इस गिरोह के दो अन्य सदस्यों के नामों का भी खुलासा हुआ है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी आकिब के खिलाफ नकबजनी और दिल्ली में लूट के आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि ध्यान सिंह पर हत्या के प्रयास, एनडीपीएस (NDPS), पॉक्सो (POCSO) एक्ट और चोरी के कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

More Stories
आसमान में बारिश का अलर्ट, जमीन पर खिले कांस के फूल बोले- बदलने वाला है मौसम
मानसून की फिर होगी वापसी! दिल्ली में अगले 6 दिन बरसेंगे बादल, गिरेगा पारा
तेज रफ्तार का कहर! फरीदाबाद में कार की टक्कर से दो युवकों की मौत