मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल ने बढ़ाई टेंशन: उज्जैन में ₹115 पार, कमलनाथ का सरकार पर हमला

भोपाल: आम जनता पर महंगाई की एक और बड़ी मार पड़ी है। देशभर में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी बढ़ोतरी की गई है, जहाँ पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपये और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। पिछले 10 दिनों के भीतर ईंधन की कीमतों में यह चौथी बड़ी बढ़ोतरी है। इस ताजा वृद्धि के बाद राजधानी भोपाल में पेट्रोल 114.65 रुपये और डीजल 99.74 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। वहीं, उज्जैन में ईंधन की कीमतें सबसे ज्यादा रिकॉर्ड की गई हैं, जहाँ पेट्रोल 115 रुपये और डीजल 100 रुपये के पार निकल गया है।

कमलनाथ का सरकार पर बड़ा हमला

पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस नेता कमलनाथ ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 15 मई को हुई पहली बढ़ोतरी के समय ही देश को आगाह कर दिया था कि यह तो सिर्फ शुरुआत है और आने वाले दिनों में कीमतें लगातार बढ़ेंगी। कमलनाथ ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने समय रहते आर्थिक संकट और महंगाई पर कदम उठाने की सलाह दी थी, लेकिन सरकार ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार टैक्स घटाकर जनता को राहत देने के बजाय सारा बोझ आम लोगों पर डाल रही है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम थे, तब जनता को इसका फायदा नहीं दिया गया और इसी लापरवाही का नतीजा आज लोग भुगत रहे हैं।

मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में ईंधन के नए दाम

इस बढ़ोतरी के बाद मध्य प्रदेश के बड़े शहरों में पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। राजधानी भोपाल में पेट्रोल 114.65 रुपये और डीजल 99.74 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। इंदौर की बात करें तो यहाँ पेट्रोल के दाम 114.54 रुपये और डीजल 99.57 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। पूरे प्रदेश में सबसे महंगा ईंधन उज्जैन में बिक रहा है, जहाँ जनता को एक लीटर पेट्रोल के लिए 115.03 रुपये और डीजल के लिए 100.11 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं।

आम जनता पर महंगाई की चौतरफा मार

ईंधन महंगा होने से पहले से ही परेशान जनता की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ गई हैं। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से माल ढुलाई महंगी हो जाएगी, जिसका सीधा असर रोजमर्रा की चीजों पर पड़ेगा और फल, सब्जी, दूध से लेकर इलेक्ट्रॉनिक सामान तक सब कुछ महंगा हो जाएगा। इसके अलावा, आम लोगों के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सफर करना भी अब जेब पर भारी पड़ेगा। राजधानी भोपाल में पहले से ही रोजाना सफर करने वाले लोगों के लिए पर्याप्त बसें नहीं हैं, जिसके कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है और अब इस महंगाई ने उनकी परेशानी को दोगुना कर दिया है।

आखिर क्यों बढ़ रहे हैं दाम?

दरअसल, अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल (कच्चे तेल) की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे देश की तेल कंपनियों को भारी घाटा हो रहा है। इसी घाटे की भरपाई करने के लिए सरकार लगातार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा रही है। पिछले महज 10 दिनों के भीतर सरकार ने चार बार में पेट्रोल के दाम कुल 7 रुपये 35 पैसे और डीजल के दाम 7 रुपये 53 पैसे प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं, जिससे जनता त्रस्त है।