नई दिल्ली
दिल्ली-एनसीआर के लोग पिछले एक महीने से सर्दी का सितम झेल रहे हैं। कंपकंपाते हुए जनवरी तो बीत गया, लेकिन ठंड अब भी बाकी है। जनवरी में 20 सालों का रिकॉर्ड टूट गया तो फरवरी में भी जल्दी राहत मिलती नहीं दिख रही है। कम से कम पहले सप्ताह में ठंड कम नहीं होगी। ना सिर्फ तापमान कम रहेगा बल्कि घना कोहरा, बादल और बारिश के साथ ठंडी हवाओं का भी सामना करना पड़ेगा।
मौसम विभाग ने 31 जनवरी से 6 फरवरी तक सात दिनों का जो पूर्वानुमान जारी किया है उसके मुताबिक आपको अभी धूप नहीं मिलेगी। पारा भी 6 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच ही रहेगा। एक सप्ताह में कम से कम तीन दिन बारिश की भी संभावना जताई गई है तो सुबह घने कोहरे का भी सामना करना पड़ेगा। पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी के बाद आने वाले दिनों में गलन बढ़ने की भी संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 जनवरी को अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 7.3 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चल सकती है। वहीं, एक फरवरी को अधिकम तापमान 20 और न्यूनतम 8 डिग्री रहने का अनुमान है। सुबह घना कोहरे की वजह से दृश्यता कम रहेगी तो आसमान में बादल छाए रहेंगे। दिल्ली में कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। 2 फरवरी को भी मौसम कुछ ऐसा ही रहेगा और आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। सुबह घना कोहरा हो सकता है।
3 फरवरी को भी बादल दिल्ली-एनसीआर के आसमान में छाए रहेंगे। हालांकि, कोहरा कुछ कम हो सकता है। बहुत हल्की बारिश भी हो सकती है। 4 फरवरी को न्यूनतम तापमान 08 डिग्री सेल्सियस रह सकता है और अधिकतम तापमान 19 तक जाने की संभावना है। 5 और 6 फरवरी को भी आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। दोनों ही दिन न्यूनतम और अधिकतम तापमान 09 और 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

More Stories
चुनाव से पहले सख्ती: पश्चिम बंगाल में 510 करोड़ कैश-सामान पकड़ा
पीजी में लगी भीषण आग, जान बचाने के लिए चौथी मंजिल से कूदीं लड़कियां
Indian Space Research Organisation का बड़ा फैसला: आम भारतीय भी बन सकेंगे अंतरिक्ष यात्री