इस्लामाबाद
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी को अगले महीने यानी फरवरी में एक फुल टाइम चेयरमैन मिल सकता है। पीसीबी के सूत्रों ने बताया है कि अगले महीने तक बोर्ड के पास पूर्णकालिक अध्यक्ष होगा और पंजाब प्रांत के कार्यवाहक मुख्यमंत्री मोहसिन नकवी दौड़ में सबसे आगे हैं। दिसंबर 2022 से बोर्ड का कामकाज देख रही अंतरिम समिति का कार्यकाल चार फरवरी को खत्म हो रहा है। उसके बाद पीसीबी के गवर्निंग बोर्ड का नया अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया शुरू होगी।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सूत्र ने पीटीआई को बताया, ''पीसीबी के पास एक नया अध्यक्ष आठ फरवरी को आम चुनाव के बाद होगा।'' पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री और पीसीबी के मुख्य संरक्षक अनवर उल हक काकर ने मोहसिन नकवी को गवर्निंग बोर्ड में नामित किया है। उनके एक अन्य उम्मीदवार मुस्तफा रामदे भी इसमें शामिल हैं। पीसीबी ने शनिवार को घोषणा की थी कि चुनाव आयुक्त और कार्यवाहक पीसीबी अध्यक्ष शाह खरवार ने बोर्ड ऑफ गवर्नेंस को अंतिम रूप दे दिया है जो नए अध्यक्ष का चुनाव करेगा।
सूत्र के अनुसार, नकवी पंजाब के कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में अपना पद छोड़ने के बाद ही पीसीबी के निर्वाचित अध्यक्ष के रूप में कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं, जो आम चुनाव के बाद ही हो सकता है। उन्होंने कहा, "हालांकि, अब नए चेयरमैन के चुनाव का रास्ता साफ हो गया है और तब तक कार्यवाहक चेयरमैन और बीओजी बोर्ड का कामकाज संभालेंगे।"
पीसीबी में तीन साल से भी कम समय में तीन अध्यक्ष बन चुके हैं। पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा ने सितंबर 2021 में कार्यभार संभाला और उनके बाद नजम सेठी और जका अशरफ ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन के तौर पर कमान संभाली, लेकिन ज्यादा नहीं टिक पाए। बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों में लगातार हो रहे बदलावों के बीच हाल के दिनों में पाकिस्तान की टीम का प्रदर्शन भी गिरा है। ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज 3-0 से हारने के बाद न्यूजीलैंड में टी20 सीरीज में पाकिस्तान ने गंवाई थी।

More Stories
Jonny Bairstow: इंग्लैंड लायंस नहीं, परिवार के साथ दुबई में फंसे बेयरस्टो? सुरक्षा को लेकर जताई चिंता, जानें
T20 WC Knockout Stats: टी20 विश्वकप के नॉकआउट में किसके नाम सर्वाधिक रन-विकेट, किसने लगाए सबसे ज्यादा छक्के?
The Hundred: नीलामी में 14 पाकिस्तानी खिलाड़ी शामिल, क्या भारतीय फ्रेंचाइजी लगाएंगी बोली या फिर होगी किरकिरी?