September 22, 2026

रिम्स अस्पताल में आग से मचा हड़कंप, पांच दिन के नवजात की मौत; 28 बच्चों को बचाया

आदिलाबाद। तेलंगाना के आदिलाबाद स्थित राजीव गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) अस्पताल में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ रात करीब 11:50 बजे अस्पताल के एक वार्ड में अचानक भीषण आग भड़क उठी। इस दर्दनाक दुर्घटना में वार्ड में उपचाराधीन महज पांच दिन के एक नवजात शिशु की झुलसने व दम घुटने से मौत हो गई। हालांकि, समय रहते मौके पर पहुँची दमकल विभाग की गाड़ियों और अस्पताल के कर्मचारियों ने त्वरित और साहसिक कदम उठाते हुए वार्ड में भर्ती अन्य 28 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से बची कई जानें

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत हरकत में आई और कम समय में मौके पर पहुँच गई। दमकलकर्मियों और अस्पताल स्टाफ ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। यदि समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू नहीं किया जाता, तो आग का दायरा बढ़ने से स्थिति और भी अधिक भयावह हो सकती थी। सुरक्षित बचाए गए 28 अन्य बच्चों को तुरंत दूसरे सुरक्षित वार्ड में शिफ्ट कर उनकी चिकित्सीय देखरेख शुरू कर दी गई है।

शार्ट सर्किट या अन्य कारण? पुलिस जांच में जुटी

अस्पताल के वार्ड में अचानक आग लगने के सटीक कारणों का फिलहाल आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक अनुमान शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खामी का लगाया जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर पूरे मामले की गहनता से जाँच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस लापरवाही या हादसे के पीछे असल वजह क्या थी।