जबलपुर। अधारताल स्थित ऐतिहासिक पचमठा मंदिर में प्राचीन मूर्ति से छेड़छाड़ और चोरी की वारदात के विरोध में सोमवार को भारी जनसैलाब सड़कों पर उतर आया। स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ा आक्रोश जताते हुए जोरदार नारेबाजी की। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और मंदिर परिसर को स्थायी सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
बाजार बंद कर निकाला विरोध जुलूस
घटना के विरोध में अधारताल व्यापारी संघ ने अपने प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रखे। व्यापारियों और स्थानीय निवासियों का यह विशाल जुलूस पचमठा मंदिर से शुरू होकर आनंद नगर तक पहुंचा। इस विरोध प्रदर्शन में पुरुषों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने साफ किया कि जब तक आरोपियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा जाता और मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सीसीटीवी तोड़कर जेवर और दानपेटी ले गए चोर
अधारताल तालाब के समीप स्थित प्राचीन श्री लक्ष्मी नारायण पचमठा मंदिर में शुक्रवार की देर रात यह वारदात हुई थी। मंदिर के पुजारी कपिल गर्ग के अनुसार, सुबह जब वे मंदिर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। गर्ग ने बताया कि चोर मंदिर से बहुमूल्य आभूषण और दानपेटी ले गए हैं। इसके अलावा मंदिर में स्थापित प्राचीन मूर्ति के साथ भी छेड़छाड़ की गई। फुटेज के अनुसार, दो नकाबपोश बदमाश मंदिर में दाखिल हुए थे, जिन्होंने वारदात को अंजाम देने से पहले सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
पहले भी दो बार हो चुकी है चोरी, पुलिस की सुस्ती पर सवाल
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस प्राचीन मंदिर में पूर्व में भी दो बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पिछली घटनाओं के बाद ही सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन द्वारा इलाके में प्रभावी गश्त और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, जिससे बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

More Stories
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के बाद चुनाव टले, वार्ड 58 और 60 में अब नए सिरे से होगी जांच
हैदराबाद से जबलपुर आई फ्लाइट ऐन वक्त पर रद्द, इंदौर जाने वाले यात्री फंसे
इंदौर की हवा हुई बेहतर, स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में दूसरा नंबर; इन 5 कदमों ने बदली तस्वीर