November 26, 2026

संविधान दिवस पर PM मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं, बाबा साहेब अंबेडकर को किया नमन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने संविधान को भारतीय लोकतंत्र की बहुमूल्य धरोहर करार दिया। प्रधानमंत्री ने बाबा साहेब डॉ. बीआर अंबेडकर और संविधान सभा के अन्य सदस्यों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि भी अर्पित की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान एक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में राष्ट्र का मार्गदर्शन करता रहेगा। पीएम मोदी ने इस दिन को संविधान निर्माताओं को आदर देने का अवसर बताते हुए इसमें समाहित मूल्यों को सुदृढ़ करने की देश की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराया, साथ ही अपने वीडियो संदेश में संस्कृत के श्लोक भी साझा किए। भारत प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाता है, जो वर्ष 1949 में संविधान सभा द्वारा संविधान को अंगीकार किए जाने का स्मरण कराता है। संविधान 26 जनवरी 1950 को प्रभावी हुआ था, जिससे भारत एक गणतंत्र के रूप में स्थापित हुआ। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2009 में जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने राज्य में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने की शुरुआत की थी और वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती वर्ष के मौके पर पूरे देश में इस विशेष दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाने की ऐतिहासिक शुरुआत की थी। इस ऐतिहासिक तिथि यानी 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने के लिए केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने 19 नवंबर 2015 को संविधान स्वीकृत होने के 65 वर्ष उपरांत अधिसूचना जारी की थी और इस दिवस को मनाने का मकसद नागरिकों के बीच संवैधानिक मूल्यों का प्रसार करना है।

भाजपा का देशव्यापी 'संविधान गौरव दिवस' आयोजन

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में 'संविधान गौरव दिवस' का आयोजन कर रही है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन पटना में होने वाले कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नई दिल्ली में और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा अहमदाबाद में आयोजित आयोजनों में हिस्सा लेंगे, जबकि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी कार्यक्रम में संबोधन देंगी।

कांग्रेस का 'संविधान रक्षा मार्च' और 'वोट रक्षक' मुहिम

इस मौके पर कांग्रेस ने गुरुवार को सभी राज्यों में व्यापक स्तर पर 'संविधान रक्षा मार्च' निकालने का ऐलान किया है। यह मुहिम संविधान के संरक्षण के लिए चलाई जा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लखनऊ में आयोजित मार्च में भाग लेंगे, जो वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले हो रहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के सी वेणुगोपाल ने जानकारी दी कि हर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अपने-अपने राज्य में इस मार्च का आयोजन करेगी। प्रत्येक पदयात्रा की शुरुआत डॉ. बीआर अंबेडकर अथवा महात्मा गांधी की प्रतिमा से होगी, जो संविधान की रक्षा के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को दिखाती है। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का वाचन करेंगे, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों का स्मरण करेंगे तथा संविधान की रक्षा का संकल्प लेंगे। इन मार्चों के समानांतर कांग्रेस कार्यकर्ता 'वोट रक्षक' अभियान के तहत प्रत्येक मतदान केंद्र तक पहुंचेंगे और मतदाता सूची से काटे गए नामों का सत्यापन करेंगे, जिससे प्रभावित लोगों को मताधिकार पुनः दिलाने में मदद मिल सके।

अन्य संगठनों के कार्यक्रम और विरोध प्रदर्शन की घोषणा

कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता अभिजीत दिपके ने बुधवार को नागपुर में 'लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ' रैली आयोजित करने की घोषणा की। दिपके ने बताया कि संगठन 26 नवंबर को संविधान दिवस पर नागपुर में एक कार्यक्रम करेगा, जो भारतीय चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में होगा।