ग्रेटर नोएडा
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी में मंदिर में घंटी बजाने से हुए ध्वनि प्रदूषण पर उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) की तरफ से एक नोटिस भेजा गया है। इस नोटिस की कॉपी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। लोगों ने जमकर कमेंट किया है और लिखा है कि अगर योगीराज में यह होगा तो फिर क्या किया जाए।
जानकारी के मुताबिक, मामला गौर सौंदर्यम सोसायटी का है। वहां रहने वाले एक निवासी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को शिकायत दी थी कि सोसायटी के मंदिर में बजने वाली घंटियों से काफी ज्यादा ध्वनि प्रदूषण होता है। इस पर यूपीपीसीबी ने सोसायटी को नोटिस भेजा है।
सोसायटी में रहने वाले मुदित बंसल ने 30 जुलाई को ई-मेल से यूपीपीसीबी को शिकायत भेजी थी। इसके बाद 5 अगस्त को यूपीपीसीबी ने मंदिर की घंटी से होने वाले ध्वनि प्रदूषण का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान मंदिर की घंटी से 70 डेसिबल का शोर मिला।
सोसायटी को जारी नोटिस में कहा गया कि ध्वनि प्रदूषण नियम, 2000 के प्राविधानों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे लोगों को घंटी के शोर से समस्या न हो। सोसायटी से नोटिस पर जवाब भी मांगा गया है। यह नोटिस सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है।

More Stories
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट को मिलेगा इंटरनेशनल दर्जा, खाड़ी देशों के लिए शुरू होगी सीधी उड़ान
महंगे स्मार्टफोन की तस्करी करने वाला गिरोह पकड़ा, दिल्ली पुलिस ने 3 को दबोचा
ऑपरेशन क्लीन: जयपुर में हिस्ट्रीशीटर सलमान गद्दी समेत पांच आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े