सूरत। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में लियो ग्रुप संचालित सनरेज स्कूल और लियो स्कूल ऑफ साइंस एंड कॉमर्स में अत्याधुनिक 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग रेंज का भव्य शुभारंभ किया गया। इस नई खेल सुविधा का उद्घाटन सूरत सिटी पुलिस क्राइम ब्रांच के एडिशनल सीपी एवं डीआईजी डॉ. करणराज वाघेला (आईपीएस) द्वारा एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
डीआईजी के हाथों सम्मानित हुए संस्थान के दो पूर्व विद्यार्थी
समारोह के दौरान विद्यालय परिवार ने अपने उन दो पूर्व विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया, जो वर्तमान में पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। क्राइम ब्रांच सूरत की पुलिस इंस्पेक्टर कुमारी हिल्पा सिंघा और सूरत शहर ईको सेल के पुलिस इंस्पेक्टर किरणसिंह बारिया को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए डीआईजी डॉ. करणराज वाघेला के कर-कमलों से सम्मान पत्र भेंट किया गया।
संस्थान के लिए गौरव का ऐतिहासिक क्षण: जयसुख काथिरिया
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लियो ग्रुप के संचालक जयसुख काथिरिया ने दोनों पुलिस अधिकारियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि यह पूरे संस्थान के लिए अत्यंत गौरव और भावुक करने वाला क्षण है कि उनके पढ़ाए पूर्व छात्र आज पुलिस विभाग में उच्च पदों पर आसीन हैं और उनका सम्मान उन्हीं के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. करणराज वाघेला द्वारा किया जा रहा है।
पूर्व छात्रों ने जताया आभार, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
सम्मान पत्र प्राप्त करने के बाद पुलिस इंस्पेक्टर किरणसिंह बारिया ने संस्थान प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी पुरानी पाठशाला द्वारा इस प्रकार याद किया जाना और सम्मानित होना अत्यंत प्रेरणादायी है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, परिसर में 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग रेंज की स्थापना से छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ निशानेबाजी खेल में पेशेवर प्रशिक्षण प्राप्त करने और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।

More Stories
MSP धान खरीद पर AI की पैनी नजर, गुणवत्ता जांच में आएगी पारदर्शिता
जयपुर जेल में मोबाइल की भरमार! 13 फोन मिले, 13 बंदियों के खिलाफ FIR
लव मैरिज का दर्दनाक अंत, पति ने लोहे की रॉड से पत्नी को पीटकर मार डाला