शॉर्ट सर्किट से नगर निगम ट्रक में आग, भोपाल में अफरा-तफरी

भोपाल। शहर के रायसेन रोड पर स्थित एलएनसीटी यूनिवर्सिटी (LNCT University) गेट के सामने से गुजर रहे नगर निगम के एक कचरा ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट की वजह से ट्रक के केबिन के निचले हिस्से में भड़की आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। वहां मौजूद कर्मचारियों और राहगीरों ने बोतलों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

चलते ट्रक में भड़की आग और रेस्क्यू की कोशिश

बताया जा रहा है कि रविवार रात को नगर निगम का यह कंटेनरनुमा ट्रक आदमपुर कचरा खंती (कचरा डंपिंग साइट) से वापस लौट रहा था। जैसे ही ट्रक एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार के सामने पहुंचा, केबिन से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी रोककर नीचे उतरकर देखा तो केबिन के निचले हिस्से में आग लग चुकी थी। आग बुझाने के लिए वहां से गुजर रहे राहगीरों की मदद ली गई और एक अन्य गाड़ी में रखीं पानी की बड़ी बोतलों से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन आग लगातार बढ़ती गई।

दमकल की देरी और हुआ भारी नुकसान

स्थानीय लोगों के प्रयास विफल रहने के बाद आग की लपटें तेजी से फैल गईं। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रक के आगे के दोनों टायर भी पूरी तरह जलकर खाक हो गए। इस आपातकालीन स्थिति में एक बड़ी लापरवाही यह भी सामने आई कि हादसे की सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद तक दमकल (फायर ब्रिगेड) की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया।

बिना फिटनेस, इंश्योरेंस और परमिट के दौड़ रहा था ट्रक

इस हादसे के बाद जब नगर निगम के इस दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के दस्तावेजों की जांच की गई, तो बेहद चौंकाने वाली और गंभीर लापरवाही उजागर हुई। ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार, इस सरकारी वाहन का न तो फिटनेस था, न इंश्योरेंस और न ही इसके पास वैध रोड परमिट था। रिकॉर्ड से पता चला है कि इस ट्रक का फिटनेस साल 2021 से और इंश्योरेंस साल 2019 से रिन्यू नहीं कराया गया था, जिससे सीधे तौर पर सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है।