अमरोहा। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी से भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी की मुलाकात ने अमरोहा समेत पूरे राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। इस मुलाकात की तस्वीर खुद जयंत चौधरी ने सोशल मीडिया पर साझा की है, जिसके बाद से तेज गेंदबाज शमी के राजनीति में कदम रखने और चुनावी पिच पर उतरने के कयास लगाए जा रहे हैं।
मुलाकात के बाद सियासत में चर्चाएं तेज
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर अमरोहा के सहसपुर अलीनगर निवासी क्रिकेटर मोहम्मद शमी या उनके परिवार के किसी सदस्य के राजनीति में आने की चर्चाएं चल रही थीं। इसी कड़ी में रविवार को दिल्ली में मोहम्मद शमी ने रालोद प्रमुख जयंत चौधरी से मुलाकात की, जिसने इन अटकलों को और हवा दे दी है। जयंत चौधरी ने फेसबुक पर तस्वीर साझा करते हुए शमी को महान क्रिकेटर बताया और उनके साथ हुई इस मुलाकात को एक सुखद अनुभव करार दिया।
क्रिकेट से दूरी और राजनीतिक अटकलें
दूसरी ओर, टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पिछले लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर चल रहे हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नौ मार्च 2025 को चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इसके बाद इंग्लैंड और श्रीलंका दौरों पर भी उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया था। ऐसे में खेल के मैदान से उनकी दूरियों के बीच राजनीतिक दल के प्रमुख से हुई इस भेंट ने उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। हालांकि, इस मुलाकात और संभावित चुनाव लड़ने के सवाल पर फिलहाल रालोद नेताओं और शमी के परिवार ने पूरी तरह चुप्पी साध रखी है। रालोद के अमरोहा जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी का कहना है कि इस मुलाकात के वास्तविक उद्देश्य की उन्हें कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।
राजनीतिक समीकरण और महबूब अली का विकल्प
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि मोहम्मद शमी सियासत में उतरते हैं, तो वह अमरोहा विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के विधायक महबूब अली का एक बड़ा राजनीतिक विकल्प साबित हो सकते हैं। शमी तुर्क बिरादरी से ताल्लुक रखते हैं और अमरोहा क्षेत्र में इस बिरादरी का खासा प्रभाव माना जाता है, विशेषकर जोया इलाके को तुर्किस्तान के रूप में भी जाना जाता है। ऐसे में यदि वह भाजपा गठबंधन के साथ जुड़ते हैं, तो इसका लाभ एनडीए को केवल अमरोहा ही नहीं बल्कि आसपास के पूरे मंडल की सीटों पर मिल सकता है।

More Stories
अजगैवीनाथ धाम में मातम, बाढ़ के पानी में नहाने गईं 6 बच्चियां डूबीं
सिक्सलेन पुल के पास बिना कपड़ों के मिला युवक का शव, सिर धड़ से अलग; जांच शुरू
कजरैली में दो बच्चियों के शव मिलने से हड़कंप, कर्मा-धर्मा के लिए निकली थीं घर से