मुम्बई। अगले साल 2027 में होने वाले महिला प्रीमियर लीग (डब्लयूपीएल) के मुकाबलों में एक बदलाव किया गया है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा है कि इस टूर्नामेंट में पहले ब्रेबोर्न स्टेडियम में मैच रखे गये थे जिन्हें अब वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। बीसीसीआई के अनुसार आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की तैयारियों के कारण ये फैसला लिया गया है हालांकि इस बदलाव से टूर्नामेंट के मुंबई चरण के कार्यक्रम या तारीखों पर कोई असर नहीं पड़ेगा, और सभी 11 मुकाबले पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार 26 जनवरी से 7 फरवरी 2027 तक आयोजित होंगे।
बीसीसीआई ने अपने एक बयान में कहा कि मुंबई में होने वाले लीग मुकाबलों के साथ-साथ एलिमिनेटर और फाइनल भी अब वानखेड़े में ही खेले जाएंगे। यह पहली बार होगा जब वानखेड़े स्टेडियम डब्लयूपीएल मैचों की मेजबानी करेगा। इस वेन्यू परिवर्तन का मुख्य कारण आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 है, जिसकी मेजबानी ब्रेबोर्न स्टेडियम को 14 से 28 फरवरी तक करनी है। आईसीसी के नियमों के अनुसार, किसी भी बड़े टूर्नामेंट के शुरू होने से 15 दिन पहले मेजबान स्थलों पर विशेष नियंत्रण की आवश्यकता होती है। यह नियम पिचों को तैयार करने और आयोजन स्थल को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने के लिए पर्याप्त समय सुनिश्चित करता है। इसी कारण डबल्यूपीएल के मैचों को वानखेड़े में स्थानांतरित करने का फैसला लिया गया।
बीसीसीआई के फैसले के अनुसार, मुंबई चरण के तहत कुल 11 मुकाबले वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसमें लीग चरण के 12वें से 20वें मुकाबले के साथ-साथ अहम एलिमिनेटर और फाइनल मैच भी शामिल हैं। ये सभी मैच 26 जनवरी से 7 फरवरी 2027 के बीच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगे। बीसीसीआई की डबल्यूपीएल समिति ने आईसीसी के अनुरोध के बाद इस महत्वपूर्ण बदलाव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी।
डबल्यूपीएल सत्र की शुरुआत 14 जनवरी को वडोदरा में होगी। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। वडोदरा में टूर्नामेंट के शुरुआती 11 मुकाबले 24 जनवरी तक आयोजित होंगे, जिसके बाद लीग मुकाबले मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाएंगे।

More Stories
राष्ट्रीय टेबल टेनिस में उलटफेर, तीन वरीय खिलाड़ी बाहर
हर्षल पटेल अब गुजरात टाइंटस की ओर से खेलते दिखेंगे
जय शाह को फिर मिली ICC की जिम्मेदारी, लगातार दूसरी बार संभालेंगे अध्यक्ष पद