जम्मू कश्मीर से नशीले पदार्थ लाकर दिल्ली में सप्लाई करने वाला गिरफ्तार, लाजपत नगर में बनाया था ठिकाना

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अंतर-राज्यीय नार्को तस्करी गिरोह के शातिर और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी हकीम मोहम्मद अल्ताफ को गिरफ्तार कर लिया है। 58 वर्षीय अल्ताफ जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर का निवासी है, जिसे वर्ष 2023 में पटियाला हाउस कोर्ट द्वारा भगोड़ा घोषित किया गया था। स्पेशल सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को जंगपुरा इलाके से दोपहर के वक्त सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया।

2021 के बड़े ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ा है मामला

यह गिरफ्तारी स्पेशल सेल द्वारा मई 2021 में दर्ज किए गए नशीली दवाओं के एक बड़े मामले से जुड़ी हुई है। उस समय पुलिस ने जाकिर नगर में दबिश देकर भारी मात्रा में एम्फेटामाइन और मेस्कालीन जैसे घातक ड्रग्स बरामद किए थे। इस कार्रवाई के दौरान एक अफगान नागरिक सहित कई तस्करों को रंगे हाथों पकड़ा गया था। जांच के आधार पर पुलिस ने ओखला के बाटला हाउस में चल रही एक अवैध ड्रग रिफाइनिंग फैक्ट्री का भी पर्दाफाश किया था, जहां से 35.6 किलोग्राम हेरोइन और रिफाइनिंग सामग्री जब्त की गई थी।

जम्मू-कश्मीर से दिल्ली तक फैला था नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी हकीम मोहम्मद अल्ताफ जम्मू-कश्मीर से राजधानी दिल्ली तक नशीली दवाओं की आपूर्ति और परिवहन की मुख्य कड़ी के रूप में कार्य करता था। नशीले पदार्थों के भंडारण और वितरण के लिए उसने लाजपत नगर इलाके में एक किराए का मकान ले रखा था। इसी ठिकाने से पुलिस ने पहले उसके साथी आबिद को भी भारी मात्रा में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

स्पेशल सेल की विशेष टीम अब पकड़े गए तस्कर से गहनता से पूछताछ कर रही है, ताकि इस अंतर-राज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नार्को नेटवर्क के अन्य तारों को खंगाला जा सके। मामले में पूर्व में नौ आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के कब्जे और उसके संपर्कों की पड़ताल के बाद इस अवैध कारोबार में शामिल कुछ अन्य प्रमुख तस्करों की गिरफ्तारी जल्द ही संभव होगी।