भोपाल। मध्यप्रदेश में विकास योजनाओं की समीक्षा और विजन 2047 की रूपरेखा तैयार करने के उद्देश्य से आगामी 2 दिसंबर को राजधानी भोपाल में नीति चिंतन शिविर-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्य के समस्त जिलों के कलेक्टर, संभागायुक्त, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगर निगम आयुक्त सहभागी बनेंगे। आठ समूहों में विभाजित प्रशासनिक अधिकारी उद्योग, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, निवेश, रोजगार और नगरीय विकास जैसे प्रमुख विषयों पर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही जिलों में हुए नवाचारों और योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से उतारने की रणनीति पर भी मंथन होगा।
मुख्यमंत्री की उपस्थिति में आयोजित होने वाले इस शिविर में अधिकारियों से महज योजनाओं की प्रगति नहीं पूछी जाएगी, बल्कि अगले दो वर्षों और वर्ष 2047 तक के लक्ष्यों को केंद्र में रखकर कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी। यह आयोजन 2 दिसंबर को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में संपन्न होगा। बैठक में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। मध्यप्रदेश राज्य नीति आयोग के सदस्य डॉ. विक्रांत सिंह तोमर तकनीकी सत्रों में मॉडरेटर का दायित्व संभालेंगे। शासन का प्रयास है कि विभिन्न विभागों में संचालित कार्यों को एकीकृत कर प्रदेश के समग्र विकास की दिशा निर्धारित की जाए।
आठ समूहों में विभाजित प्रशासनिक अधिकारी
नीति चिंतन शिविर के लिए राज्य सरकार ने आठ पृथक समूह गठित किए हैं, जिनमें वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिला कलेक्टरों और संभागायुक्तों को भी जोड़ा गया है। प्रत्येक समूह को एक से अधिक विभागों से संबंधित विषयों पर कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारी पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कर अपने-अपने विषयों पर रिपोर्ट तैयार करेंगे। 2 दिसंबर को आयोजित शिविर में प्रत्येक समूह को लगभग 10 मिनट का समय प्रदान किया जाएगा, जिसके दौरान अधिकारी अपने सुझाव, उपलब्धियां और आगामी कार्ययोजना रखेंगे। इस विमर्श में दो प्रकार के लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे, जिनमें पहला शॉर्ट टर्म प्लान अगले दो वर्षों के कार्यों पर केंद्रित रहेगा, जबकि दूसरा लॉन्ग टर्म प्लान विजन 2047 के अनुरूप प्रदेश की प्राथमिकताएं तय करेगा।
इन आठ समूहों में उद्योग, कृषि, सेवा क्षेत्र, अधोसंरचना और नगरीय विकास जैसे विषय सम्मिलित किए गए हैं। इनके अतिरिक्त शिक्षा, स्वास्थ्य, सुशासन, लोक सुरक्षा, लोक सेवा प्रदाय और वित्तीय नियोजन से जुड़े पहलुओं पर भी विभिन्न स्तरों पर विचार-विमर्श होगा, जिससे विभागों के मध्य समन्वय और जिलों में योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन किया जा सकेगा।
कलेक्टर साझा करेंगे जिलों की श्रेष्ठ कार्यप्रणाली
इस शिविर के दौरान जिला कलेक्टर और जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी अपने क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों का विवरण भी प्रस्तुत करेंगे। प्रस्तुतीकरण में ऐसी श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को शामिल किया जाएगा, जिन्हें अन्य जिलों में भी अपनाया जा सके। इसके लिए अधिकारियों को पूर्व से ही आंकड़े एकत्र करने और प्रेजेंटेशन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में आकांक्षी जिला और आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रमों की प्रगति भी रखी जाएगी, जिसमें विशेष रूप से पांच वर्ष से कम आयु के कम वजन वाले बच्चों की पहचान, उनके उपचार और पुनः कुपोषण से बचाने की रणनीति पर चर्चा होगी। गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की जांच व उपचार के साथ ही बच्चों के बीच में विद्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति रोकने के उपाय भी कार्यसूची में शामिल रहेंगे।
इसके अलावा गुमशुदा बच्चों की खोज, उनके सुरक्षित पुनर्वास और दोबारा लापता होने से रोकने हेतु पुलिस तथा बाल संरक्षण तंत्र को सुदृढ़ बनाने पर विचार होगा। निर्धनता उन्मूलन से जुड़े विषयों के तहत गरीब परिवारों को पोषण, शिक्षा और आधारभूत सुविधाएं सुलभ कराने की योजना पर मंथन किया जाएगा, जिससे स्पष्ट है कि इस बैठक में केवल बड़ी विकास परियोजनाओं के बजाय जनसामान्य से जुड़े सरोकारों को भी प्रमुखता दी गई है।

More Stories
1.57 करोड़ के गहनों पर चोरों ने किया हाथ साफ, बाकी सामान को नहीं लगाया हाथ
अदालत के आदेशों की अवहेलना पड़ी भारी, मुरैना कलेक्टर पर लगा 10 हजार का जुर्माना
300 करोड़ से बदली एमआर-10 जंक्शन की तस्वीर, रोजाना 50 हजार वाहन चालकों का सफर होगा आसान