जयपुर। नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने शहर के प्रमुख इलाकों में चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत अस्थायी अतिक्रमणों पर बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा के निर्देशों और नागरिकों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम ने दुर्गापुरा डालडा फैक्टरी, बी-2 बाईपास मानसरोवर चौपाटी, भारत माता सर्किल मानसरोवर और 200 फीट बाईपास अजमेर रोड से अवैध कब्जाधारियों को हटाया।
2 कैंटर सामान जब्त, कैरिंग चार्ज वसूला
सतर्कता दल ने कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों से मौके पर ही 1 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया। इसके साथ ही अस्थायी तौर पर बनाए गए ढांचों व रास्तों में रखे सामान को जब्त कर 2 कैंटर भरकर निगम के गोदाम में भिजवा दिया गया।
अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत
कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी। उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि मौके पर ही समझाइश देकर मौखिक रूप से पाबंद किया गया है कि वे समय रहते अपना अस्थायी कब्जा हटा लें। यदि भविष्य में नगर निगम क्षेत्राधिकार में दोबारा अवैध अतिक्रमण किया जाता है, तो संबंधितों के खिलाफ भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

More Stories
प्रवासी राजस्थानियों ने दुनिया में कायम की प्रदेश की अलग पहचान: सीएम
आरजीएचएस में दवा वितरण में लापरवाही पर कार्रवाई
बिहार के वैशाली में मंडराया बाढ़ का संकट, गंगा-गंडक के बढ़ते जलस्तर से प्रशासन अलर्ट