घर में मनी प्लांट लगाना आजकल काफी आम बात है. लोग इसे घर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ सुख-समृद्धि से भी जोड़कर देखते हैं. लेकिन अगर आपके घर में लगा मनी प्लांट बढ़ते-बढ़ते जमीन तक पहुंच गया है और उसकी बेल जमीन को छू रही है तो वास्तु के अनुसार इसे सही नहीं माना जाता है. मान्यता है कि मनी प्लांट की बेल हमेशा ऊपर की तरफ बढ़नी चाहिए. जमीन पर पड़ी बेल को वास्तु में घर की तरक्की के लिए शुभ नहीं माना जाता है.
फरीदाबाद के महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि वास्तु के अनुसार, मनी प्लांट को सीधे धरती पर नहीं लगाना चाहिए. इसे किसी लटकते हुए गमले में लगाया जा सकता है. आजकल बाजार में मनी प्लांट को ऊपर की तरफ बढ़ाने के लिए अलग-अलग तरह के स्टैंड भी मिलते हैं. उनकी मदद से बेल को नीचे गिरने के बजाय ऊपर की तरफ बढ़ाया जा सकता है.
बेल और पत्तियों का ध्यान रखना जरूरी
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि मनी प्लांट लगाने के लिए दक्षिण और पूर्व के बीच का कोना यानी अग्नि दिशा अच्छी मानी जाती है. इस दिशा में मनी प्लांट लगाने से घर में सकारात्मक माहौल बना रहता है. साथ ही पौधे की बेल और पत्तियों का ध्यान रखना भी जरूरी है. पौधे की पत्तियां सूख जाएं तो उन्हें समय-समय पर हटा देना चाहिए. वास्तु मान्यता के अनुसार, अगर मनी प्लांट की बेल जमीन को छूने लगे तो उसे तुरंत ऊपर कर देना चाहिए. माना जाता है कि बेल का नीचे की तरफ बढ़ना घर की तरक्की में रुकावट का संकेत हो सकता है. इससे घर में बेवजह के खर्च बढ़ने, आपसी मनमुटाव और लड़ाई झगड़े जैसी परेशानियां आने की मान्यता है. बाहर लोगों के बीच मान सम्मान को लेकर भी परेशानी हो सकती है.
किसी के सहारे ऊपर की तरफ हो मनीप्लांट
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि मनी प्लांट की बेल और पत्तियां जितनी ऊपर की तरफ बढ़ेंगी, वास्तु की मान्यता के हिसाब से घर में उतनी ही उन्नति मानी जाती है. इसलिए अगर बेल नीचे आ गई है तो उसे किसी सहारे से ऊपर की तरफ चढ़ा देना चाहिए. घर में मनी प्लांट रखते समय इस बात का खास ध्यान रखना चाहिए कि उसकी बेल जमीन पर न फैले. मनी प्लांट को घर में लगाना शुभ माना जाता है, लेकिन इसकी पूजा नहीं की जाती है. पूजा तुलसी माता और पीपल की होती है.
सूखी पत्तियों को तोड़कर कर दें बाहर
महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि मनी प्लांट को घर की सजावट और सकारात्मकता से जोड़ा जाता है. इसलिए इसकी साफ सफाई और सही देखभाल करना जरूरी है. अगर आपके घर में भी मनी प्लांट लगा हुआ है और उसकी बेल जमीन को छूने लगी है तो उसे ऊपर की तरफ सहारा देकर चढ़ा सकते हैं. सूखी पत्तियों को हटाएं और पौधे को साफ सुथरा रखें. हालांकि ये बातें वास्तु शास्त्र की मान्यताओं पर आधारित हैं.

More Stories
राशिफल 19 अगस्त 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
ओम के आकार का बना मंदिर कहां है? भगवान भोलेनाथ की 1008 मूर्तियां स्थापित, भव्य है नजारा
घंटी से दीपक तक… पूजा की इन 4 चीजों के पीछे छिपा है खास धार्मिक महत्व, जानिए मान्यता