रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा स्थापित आईसीसी कमांड (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) अहम भूमिका निभा रहा है। तकनीक आधारित निगरानी तंत्र के माध्यम से पूरे प्रदेश के धान खरीदी केंद्रों और उससे जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य वास्तविक किसानों से धान की खरीदी सुनिश्चित करने के साथ-साथ अवैध परिवहन, बिना अनुमति भंडारण तथा बिचौलियों के जरिए धान बेचने जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है।
आईसीसी कमांड की 23 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में निगरानी के दौरान कुल 1,362 अलर्ट दर्ज किए गए, जिनमें से 122 अलर्ट का समाधान किया जा चुका है। वहीं, प्रदेश में धान जब्ती की कार्रवाई के अंतर्गत कुल 40,453 क्विंटल धान जब्त किया गया है। रिपोर्ट में 8 मिलों का भौतिक सत्यापन भी दर्ज किया गया है। ये आंकड़े धान खरीदी व्यवस्था की देखरेख और अनियमितताओं पर कार्रवाई के प्रति शासन की सक्रियता को दिखाते हैं।
जशपुर में सर्वाधिक धान जब्ती, महासमुंद और दुर्ग भी अग्रणी
जिला स्तर पर हुई धान जब्ती की कार्रवाई में जशपुर जिले में 12,103 क्विंटल धान जब्त किया गया है। महासमुंद में 6,150 क्विंटल और दुर्ग में 4,975 क्विंटल धान पकड़ा गया है। इसके अतिरिक्त बलरामपुर में 2,982 क्विंटल, राजनांदगांव में 2,798 क्विंटल, रायगढ़ में 2,528 क्विंटल और कांकेर में 1,676 क्विंटल धान की जब्ती दर्ज की गई है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में की गई यह कार्रवाई धान के अवैध परिवहन व भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासनिक सतर्कता को उजागर करती है।
अलर्ट आधारित निगरानी से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर
आईसीसी कमांड द्वारा जारी अलर्ट के जरिए जिलों में धान खरीदी से संबंधित गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार कांकेर में सबसे अधिक 186 अलर्ट दर्ज किए गए। राजनांदगांव में 146, बिलासपुर में 140, बेमेतरा में 119, कवर्धा में 107 और सूरजपुर में 100 अलर्ट सामने आए हैं। बालोद में 89 अलर्ट में से 42, बलरामपुर में 76 में से 54, महासमुंद में 26 में से 20 और रायपुर में 6 में से 2 अलर्ट का निस्तारण किया गया है, जबकि कोरिया जिले में दर्ज सभी तीनों अलर्ट का समाधान हो चुका है।
इस निगरानी प्रणाली से अवैध तरीके से धान लाकर खपाने, बिना अनुमति भंडारण करने तथा बिचौलियों द्वारा असली किसानों के नाम पर धान बेचने की आशंका वाली गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिल रही है। शासन का लक्ष्य यह पक्का करना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का लाभ वास्तविक पंजीकृत किसानों को ही प्राप्त हो और कोई भी इस व्यवस्था का गलत फायदा न उठा सके।
किसानों की सुविधा के साथ खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता पर जोर
26 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार धान खरीदी के 9वें दिन तक प्रदेश में 28.07 लाख पंजीकृत किसानों में से 91 हजार 746 किसानों ने अपना धान बेचा है। इस अवधि में कुल 4,43,888 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई।
राज्य सरकार की यह प्रणाली तकनीक और प्रशासनिक तालमेल के माध्यम से धान खरीदी को अधिक पारदर्शी व जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आईसीसी कमांड के जरिये अलर्ट की निगरानी, धान जब्ती की कार्रवाई और जिलों से मिली जानकारियों के आधार पर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश की जा रही है। इससे जहां एक तरफ वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा हो रही है, वहीं दूसरी ओर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को बल मिल रहा है।

More Stories
दिसंबर में होंगे नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव, चुनावी तैयारियां तेज
शिकायत पहुंचते ही जागा प्रशासन, 13 कर्मचारियों के खाते में पहुंची लाखों की सैलरी
खसरा और फसल सर्वे में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं, कलेक्टरों को जिम्मेदारी