भोपाल: मध्य प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बुधवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। राज्य के मुख्य सचिव अनुराग जैन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाले नीति आयोग (नई दिल्ली) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। इसके बाद राज्य सरकार ने 1991 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक बर्णवाल को मध्य प्रदेश का नया मुख्य सचिव नियुक्त कर दिया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी बधाई और शुभकामनाएं
नवनियुक्त मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कार्यभार संभालने से पहले मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें नई प्रशासनिक जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने केंद्र में नई भूमिका पाने वाले निवर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन का भी आभार जताया और उन्हें नीति आयोग के सीईओ पद पर नियुक्ति के लिए शुभकामनाएं दीं।
35 साल का लंबा अनुभव और नीतिगत मामलों में महारत
1991 बैच के आईएएस अधिकारी अशोक बर्णवाल को नीतिगत और जटिल प्रशासनिक मामलों को सुलझाने का करीब 35 वर्षों का गहरा अनुभव है। बीटेक (माइनिंग इंजीनियरिंग) और पब्लिक पॉलिसी एंड मैनेजमेंट में उच्च शिक्षा प्राप्त बर्णवाल ने स्वास्थ्य, कृषि, वन, पर्यावरण और पिछड़ा वर्ग कल्याण जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों की कमान संभाली है। हाल ही में वे अपर मुख्य सचिव (लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा) के पद पर कार्यरत थे, जहां उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण और भोपाल गैस त्रासदी राहत जैसे संवेदनशील मुद्दों पर जनहित-प्रथम दृष्टिकोण के साथ कार्य किया।
दो मुख्यमंत्रियों के प्रमुख सचिव रहने का रिकॉर्ड
अशोक बर्णवाल की कार्यशैली और प्रशासनिक क्षमता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे प्रदेश के दो अलग-अलग दलों के मुख्यमंत्रियों के प्रमुख सचिव रह चुके हैं। अगस्त 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें अपना प्रमुख सचिव नियुक्त किया था। इसके बाद 2018 में जब कमलनाथ के नेतृत्व में सरकार बनी, तब उन्होंने भी बर्णवाल की कुशलता पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपने प्रमुख सचिव पद पर बनाए रखा था।

More Stories
एमपी को आज मिलेगा नया मुख्य सचिव, अशोक बर्णवाल लेंगे पदभार
स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी! जून में 1 करोड़ 12 लाख रुपये की राहत
एमपी में मेहरबान मानसून, 60 घंटे से जारी बारिश; 17 जिलों में अलर्ट