सिद्धार्थनगर: जिले में ई-रिक्शा चालक हरिश्चंद्र की सनसनीखेज हत्या के मामले का स्थानीय पुलिस ने मंगलवार को औपचारिक खुलासा कर दिया है। पुलिस पड़ताल में सामने आया कि मृतक की पत्नी ने ही अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपने पति को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची थी।
पत्नी, प्रेमी और सहयोगियों समेत 4 अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी माया देवी, उसके प्रेमी नियाज अहमद, तथा सहयोगी इरशाद और अब्दुल्ला को मामले में नामजद कर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
बूढ़ी राप्ती नदी के पास दिया गया था वारदात को अंजाम
एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने पुलिस लाइंस सभागार में मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 30 अगस्त की रात मुंहचुरवा घाट के पास इटवा क्षेत्र के कपियवा निवासी हरिश्चंद्र की हत्या कर दी गई थी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को बूढ़ी राप्ती नदी में फेंक दिया गया था। घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की भी नाकाम कोशिश की गई थी। इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर एसओजी और ढेबरुआ पुलिस की संयुक्त टीम जांच में जुटी थी।
दुधवनिया बुजुर्ग नहर के पास घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुधवनिया बुजुर्ग पुल से नहर मार्ग की ओर घेराबंदी की। वहां से गुजर रहे तीन संदिग्धों को रोककर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसके बाद पूरी आपराधिक साजिश का भंडाफोड़ हो गया। अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना स्थल के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।
चाकू, मोबाइल व अन्य पहचान पत्र बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू के अलावा 6 मोबाइल फोन, पहचान पत्र (दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड) तथा एयर इंडिया का एक हवाई टिकट भी जब्त किया है। पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें जेल भेजने की तैयारी कर रही है।

More Stories
दिल्ली हादसे के बाद बदलेगा सुरक्षा सिस्टम, ACP और SHO छात्रों से लेंगे फीडबैक
कुलदीप बिश्नोई समर्थक चेयरमैन पर गंभीर आरोप, कर्मचारियों ने खोला मोर्चा
हनुमान बेनीवाल और गजेंद्र सिंह शेखावत की अचानक मुलाकात, गले मिलते ही चौंके लोग