September 25, 2026

जबलपुर में भीषण सड़क हादसा: भोजनालय में घुसी तेज रफ्तार कार, वकील की मौत और 4 लोग गंभीर

जबलपुर। शहर के मेडिकल कॉलेज के पास शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे बनी एक होटल में जा घुसी। इस भीषण दुर्घटना में एक वकील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दोस्त और होटल के अंदर सो रहे तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

तड़के 4 बजे हुआ भीषण हादसा

होटल संचालक लकी कुशवाहा के अनुसार, यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे की है जब वे अपनी पत्नी के साथ दुकान खोलने की तैयारी कर रहे थे। उसी दौरान अधिवक्ता शिवम शर्मा अपने दोस्त शरद कुमार दुबे के साथ कार से जसूजा सिटी की तरफ जा रहे थे। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह अनियंत्रित होकर सीधे दुकान के शटर को तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। मौके पर पहुंची पुलिस को कार की तलाशी के दौरान अंदर से शराब की एक बोतल भी मिली है, जिसे जब्त कर लिया गया है।

होटल में सो रहे लोगों पर चढ़ी गाड़ी

कार की गति इतनी प्रचंड थी कि दुकान के भीतर गहरी नींद में सो रहे तीन लोगों को संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिला और गाड़ी उनके ऊपर चढ़ गई। इस हादसे में घायलों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही धनवंतरी नगर चौकी पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने मृतक अधिवक्ता शिवम शर्मा के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि यह हादसा केवल अत्यधिक गति के कारण हुआ या ड्राइवर नशे की हालत में था। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।