अरवल। बिहार के अरवल जिले में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सदर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर फतेहपुर संडा के समीप तेज रफ्तार हाईवा ट्रक और टेम्पो की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में टेम्पो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना भयावह था कि टेम्पो में सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अरवल भेज दिया तथा मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी। मृतकों की पहचान परासी थाना क्षेत्र निवासी राजगीर राम, उनकी पत्नी मनीषा देवी, गुमटी विगहा निवासी अमरजीत कुमार तथा अरवल जिले के भदासी निवासी रामदयाल के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में मातम पसर गया। सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हाईवा ट्रक को जब्त कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इधर, इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

More Stories
बच्चों को लेने स्कूल जा रही महिला को हिप्नोटाइज कर लूटे गहने
पटना में बिहार पुलिस की तैयारी कर रही 18 वर्षीय युवती रहस्यमय ढंग से लापता, परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका
चीन ने ऑर्बिटल-क्लास रॉकेट बूस्टर को वापस हासिल किया, भारत अभी कई साल दूर