नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके आरके पुरम स्थित अफ्रीका एवेन्यू मार्ग पर बीती रात एक सड़क हादसा हो गया। भीकाजी कामा प्लेस से आरके पुरम मेट्रो स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर एक बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
घटना की जानकारी मिलते ही आरके पुरम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
सड़क किनारे खड़ी बाइक में कार ने मारी टक्कर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुनिरका गांव निवासी 21 वर्षीय तनिष्क टोकस अफ्रीका एवेन्यू मार्ग पर अपनी काली मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी करके बैठे हुए थे। इसी दौरान वसंत कुंज निवासी 73 वर्षीय वेणु गोपाल अपनी नीले रंग की होंडा अमेज कार से गुजर रहे थे। अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर खड़ी मोटरसाइकिल से जा टकराई।
टक्कर के बाद दूर तक घिसटती चली गई मोटरसाइकिल
भीषण टक्कर के कारण तनिष्क मोटरसाइकिल से छिटककर दूर जा गिरे, जबकि कार बाइक को काफी दूर तक घसीटती हुई ले गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि बाइक सवार युवक कार की चपेट में आने से बच गया। घटना के तुरंत बाद घायल युवक का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जिसमें डॉक्टरों ने उसे किसी भी प्रकार की गंभीर चोट न लगने की पुष्टि की।
केस दर्ज कर आरोपी चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त
मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए आरके पुरम थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल नीले रंग की होंडा अमेज कार को कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक वेणु गोपाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा कराए गए मेडिकल परीक्षण में चालक के शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है।

More Stories
पति की हत्या के बाद ई-रिक्शा में शव लेकर घूमे, फिर नहर में फेंकने का आरोप
यूपी में GCC सेक्टर को मिलेगी रफ्तार, 22 हजार रोजगार के अवसर होंगे तैयार
स्पेशल कंपोनेंट प्लान वाले मेडिकल कॉलेजों में आरक्षण को लेकर मायावती ने उठाई आवाज