November 29, 2026

गांजा बरामदगी मामले में पुलिस जांच पर हाईकोर्ट ने उठाए सवाल, आरोपी को मिली जमानत

जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत 30 किलोग्राम गांजा मिलने के प्रकरण में पुलिस की तफ्तीश की बड़ी कमियों पर सवाल खड़े करते हुए आरोपी अजय कुमार शर्मा को जमानत प्रदान कर दी है। न्यायमूर्ति रवि चिरानिया की पीठ ने बरामदगी और जांच की प्रक्रिया में गंभीर असंगतियां पाईं। न्यायालय ने करौली के पुलिस अधीक्षक को 22 फरवरी, 2025 से लेकर आरोप-पत्र दाखिल होने तक की जांच प्रक्रिया की विभागीय पड़ताल कराने तथा चार माह के भीतर रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं। अदालत ने यह भी पाया कि 23 फरवरी, 2025 को बरामद नशीले पदार्थ को लगभग पांच महीने तक थाने के मालखाने में ही रखा गया।

पड़ताल में सामने आईं विसंगतियां और विलंब

अदालत के सामने रखे गए तथ्यों के मुताबिक जब्त गांजे को एफएसएल जांच के लिए भेजने का पत्र 28 जुलाई 2025 को तैयार किया गया और नमूने 1 अगस्त, 2025 को जमा करवाए गए। इस तरह बरामदगी के करीब पांच महीने बाद नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया। बचाव पक्ष के अधिवक्ता डॉ. विभूति भूषण शर्मा ने दलील दी कि 22 फरवरी, 2025 को मनीराम को उसके आवास से उठाकर अवैध हिरासत में रखा गया और उसके जरिए अजय कुमार शर्मा को बुलाया गया। इसके बाद 23 फरवरी को सपोटरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर गांजा बरामदगी दर्शाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। शुरुआती कागजात में वाहन को कार बताया गया, जबकि बाद के दस्तावेजों में उसी नंबर के वाहन को जीप लिख दिया गया। दाताराम और अजय शर्मा के पूछताछ विवरणों में एक ही मोबाइल नंबर दर्ज पाया गया और एक अन्य कागज को खाली छोड़कर उस पर किसी अन्य व्यक्ति की तस्वीर चिपकाई गई थी।

न्यायालय के निर्देशों की अनदेखी

निचली विचारण अदालत ने 7 जुलाई, 2026 को घटना के समय के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर पेश करने का आदेश दिया था, लेकिन चार महीने बीतने के बाद भी पुलिस ने इसकी अनुपालना नहीं की। हाईकोर्ट द्वारा 26 नवंबर को बुलाए जाने पर जांच अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े करौली के पुलिस अधीक्षक लोकेश सोरवाल ने माना कि विचारण अदालत के आदेश के पालन में जरूरी कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों की बड़ी लापरवाही स्वीकार करते हुए विभागीय कार्रवाई किए जाने की बात कही।

एनडीपीएस प्रकरणों में पारदर्शिता और निष्पक्षता की आवश्यकता

हाईकोर्ट ने कहा कि एनडीपीएस कानून के अंतर्गत सख्त सजा के प्रावधान हैं, इसलिए जांच अधिकारी को विधि और सुप्रीम कोर्ट के सिद्धांतों का पूरी गंभीरता से अनुसरण करना चाहिए। अदालत ने मामले के गुण-दोष पर अंतिम राय व्यक्त किए बिना आरोपी के हिरासत में रहने की अवधि तथा मुकदमे की सुनवाई में लगने वाले समय को ध्यान में रखा। पीठ ने साफ किया कि जब प्रकरण संदिग्ध नजर आता हो और अभियोजन पक्ष विसंगतियों का तर्कसंगत स्पष्टीकरण न दे सके, तब किसी व्यक्ति को लंबे समय तक आजादी से वंचित रखना उचित नहीं है।