भैंसदेही। बैतूल जिले के भैंसदेही में पुलिस और वन विभाग द्वारा की गई एक संयुक्त कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग के एक खाली पड़े सरकारी क्वार्टर से 23 नग सागौन की चरपट बरामद की गई हैं। जब्त की गई लकड़ी की कुल कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर पूरी लकड़ी वन विभाग के सुपुर्द कर दी है।
बीएमओ की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भैंसदेही बीएमओ ने पुलिस को लिखित सूचना दी थी कि स्वास्थ्य विभाग के एक रिक्त शासकीय आवास में बड़ी मात्रा में इमारती लकड़ी रखी हुई है। सूचना मिलते ही भैंसदेही थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सरकारी आवास की तलाशी ली। तलाशी के दौरान क्वार्टर के अंदर 23 नग सागौन की चरपट रखी हुई मिली। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर लकड़ी जब्त कर ली और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए इसे वन विभाग को सौंप दिया।
तलाश जारी, कहां से आई लकड़ी?
वन विभाग अब इस बात का पता लगाने में जुटा है कि बरामद की गई सागौन की यह लकड़ी किसने और कब काटी थी तथा उसे इस सरकारी आवास में किस उद्देश्य से रखा गया था। यह सरकारी आवास लंबे समय से खाली बताया जा रहा है। ऐसे में पुलिस और वन विभाग इस पहलू की भी बारीकी से जांच कर रहे हैं कि कहीं किसी ने खाली आवास का गलत इस्तेमाल लकड़ी छुपाने के लिए तो नहीं किया था। पुलिस इस मामले में स्वास्थ्य विभाग के किसी कर्मचारी की संलिप्तता की भी जांच कर रही है, हालांकि फिलहाल किसी कर्मचारी की भूमिका की पुष्टि नहीं हुई है। यह पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी राजेश सातनकर के नेतृत्व में की गई, जिसमें उपनिरीक्षक रामप्रकाश कीर, सहायक उपनिरीक्षक बलीराम बम्हनेले और आरक्षक नारायण जाट शामिल रहे।

More Stories
दवा खाने के बाद 7 बच्चों की हालत बिगड़ी, उल्टी और चक्कर की शिकायत से मचा हड़कंप
नवरात्रि-दशहरा पर MP पुलिस अलर्ट, 15 दिन छुट्टियों पर लगा प्रतिबंध
शिवराज सिंह चौहान के परिवार में खुशियों की दस्तक, कुणाल के घर बेटे का जन्म