November 24, 2026

बिलार हादसे में चार की मौत, छह घायल; डीएम-एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

हाथरस।  सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिलार के निकट अलीगढ़-एटा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-91) पर अज्ञात बस की टक्कर से ई-ऑटो रिक्शा दुर्घटनाग्रस्त हो गया। भीषण हादसे में तीन महिलाओं और एक मासूम बच्चे सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचे। अधिकारियों ने मृतकों के पार्थिव शरीरों का जायजा लिया और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।डीएम और एसपी ने अस्पताल में भर्ती घायलों एवं उनके परिजनों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को सभी घायलों का प्राथमिकता के आधार पर बेहतर एवं समुचित उपचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।