रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व सांसद नंदकुमार साय के घायल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर पहुंचाया।
फिसलकर गिरने से पैर में आई चोट, जशपुर में की थी मुलाकात
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जानकारी दी कि दो दिन पूर्व नंदकुमार साय फिसलने के कारण गिर गए थे, जिसके चलते उनके पैर में चोट लग गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि जशपुर प्रवास के दौरान उन्हें पूर्व सांसद के आवास के पास आयोजित एक कार्यक्रम में सम्मिलित होने का अवसर प्राप्त हुआ था। इसी क्रम में वे रात्रि में नंदकुमार साय के घर पहुंचे, उनसे भेंट की और उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना।
यात्रा की सुविधा के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर लाया गया
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पैर में लगी चोट के कारण पूर्व सांसद नंदकुमार साय को आवाजाही में परेशानी हो रही थी। चूंकि उन्हें स्वयं रायपुर के लिए प्रस्थान करना था, इसलिए यात्रा की असुविधा से बचाने और समुचित चिकित्सा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वे नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर ले आए। उन्होंने बताया कि पूर्व सांसद के समुचित इलाज के लिए रायपुर स्थित बालाजी अस्पताल में प्रबंध किए गए हैं।

More Stories
दोस्ती का उठाया फायदा, सहेली के घर से चुराए लाखों के जेवरात
राजनीति से दूर पानी में मस्ती करते दिखे भूपेश बघेल, महादेव घाट का वीडियो वायरल
ऑनलाइन गेमिंग की लत ने बनाया कर्जदार, 10 लाख चुकाने के लिए की 8.50 लाख की चोरी