November 5, 2026

मध्य प्रदेश के उत्पादों की ग्लोबल ब्रांडिंग पर जोर, एक्सपोर्ट और FTA पर होगा मंथन

भोपाल। प्रदेश के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नई पहचान दिलाने और निर्यात क्षमता का विस्तार करने के उद्देश्य से गुरुवार, 5 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 'मध्यप्रदेश एक्सपोर्ट एंड एफटीए कॉन्क्लेव' का शुभारंभ करेंगे। कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य के निर्यातकों को मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) का सीधा लाभ पहुंचाना है।

निर्यातकों के लिए 5 बड़े नवाचारों का शुभारंभ

मुख्यमंत्री इस अवसर पर निर्यात संवर्धन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत करेंगे:

  • मध्यप्रदेश एफटीए कार्ययोजना 2026-27: निर्यात विस्तार के लिए प्राथमिकता वाले उत्पादों, औद्योगिक क्लस्टरों और संभावित अंतरराष्ट्रीय बाजारों की पहचान।

  • निर्यातक मार्गदर्शिका: विभिन्न देशों के साथ हुए व्यापार समझौतों, शुल्क रियायतों, पात्रता और निर्यात प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी।

  • एफटीए हेल्पडेस्क: निर्यातकों की समस्याओं और प्रश्नों के त्वरित समाधान के लिए सहायता केंद्र।

  • एमपी ट्रेड पोर्टल का एफटीए मॉड्यूल: डिजिटल माध्यम से उत्पादवार व्यापार समझौतों और निर्यात अवसरों की जानकारी।

  • एफटीए एक्सेलेरेटर: उद्यमियों के लिए प्रशिक्षण, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सीधे जुड़ने के अवसर।

प्रमुख उद्योगों की भागीदारी और निर्यात लक्ष्य

कॉन्क्लेव में वस्त्र, फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग, ऑटो कंपोनेंट्स, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण और रसायन उद्योग के प्रतिनिधि शामिल होंगे। ये प्रतिनिधि वर्ष 2030 तक अपने-अपने क्षेत्रों के संभावित निर्यात लक्ष्यों और नीतिगत आवश्यकताओं पर विचार साझा करेंगे, जिन्हें राज्य की एफटीए कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा। साथ ही, ब्रिटेन, यूएई और ऑस्ट्रेलिया के साथ व्यापार कर चुके उद्यमी अपने व्यावहारिक अनुभव भी साझा करेंगे।

सरकारी योजनाओं की जानकारी और ओडीओपी प्रदर्शनी

कार्यक्रम में विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT), ECGC, APEDA, FIEO, एक्जिम बैंक, कस्टम्स और BIS जैसी संस्थाओं के सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां निर्यातकों को वित्तीय सहायता, ऋण बीमा और लॉजिस्टिक्स संबंधी मार्गदर्शन मिलेगा। इसके अलावा, 'एक जिला-एक उत्पाद' (ODOP) प्रदर्शनी में बाघ प्रिंट, बाटिक प्रिंट, चंदेरी वस्त्र और जरी-जरदोजी जैसे पारंपरिक शिल्पों का प्रदर्शन होगा।

प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति

राज्य शासन और भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप, केंद्र व राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग संगठनों के पदाधिकारी और प्रमुख निर्यातक मौजूद रहेंगे।