उदयपुर एवं हनुमानगढ़ जिलों में अनुमानित एक करोड़ 25 लाख की अंग्रेजी शराब जब्त

जयपुर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत एक्शन मोड में प्रदेश में अवैध शराब की तस्करी पर कार्रवाई की जा रही है जिसके तहत उदयपुर एवं हनुमानगढ़ जिलों में भारी मात्रा में भारत निर्मित विदेशी मदिरा की खेप ट्रकों से जब्त की गई है। हनुमानगढ़ में अनुमानित 90 लाख एवं उदयपुर में 35 लाख रूपए लागत की अवैध मदिरा की सप्लाई चेन पर प्रभावी कार्रवाई की गई। इस प्रकार दोनों कार्रवाई में अनुमानित एक करोड़ 25 लाख रूपए लागत की अंग्रेजी शराब की खेप जब्त की गई है।

जीरो टाॅलरेंस की नीति

आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने प्रदेश में अवैध शराब की तस्करी पर रोक के लिए समस्त अधिकारियों को जीरो टाॅलरेंस की नीति अपनाते हुए सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने बीते दिनों विशेष निरोधात्मक अभियान की समीक्षा वीसी में अधिकारियों का हिदायत दी थी कि प्रदेश में अन्य राज्य की अवैध शराब की तस्कारी, निर्माण, विक्रय पर प्रभावी अंकुश के लिए सजगता से कार्य नही करने पर जिम्मेदारी तय कर संबंधित पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में अन्य राज्यों की शराब की तस्करी से आबकारी विभाग को राजस्व का बड़ा नुकसान उठाना पड़ता है।

उदयपुर में 2 बड़ी कार्रवाई,अनुमानित 35 लाख रूपए की मदिरा जब्त—

आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में मुखबिर से प्राप्त सूचना पर अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप सिंह सांगावत, उपायुक्त ईपीएफ प्रद्युमन सिंह चुण्डावत एवं जिला आबकारी अधिकारी आदराम दहिया के नेतृत्व में खेरवाड़ा क्षेत्र में खांडी ओबरी टोल नाके पर ट्रक कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में व्हील केप की आड़ में गुप्त केबिन में 330 कार्टन में फोर सेल इन चंडीगढ़ अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की गई। कार्रवाई के तहत राॅयल चेलेन्ज व्हीस्की 70 कार्टन में 840 बोतल, ऑल सीजन व्हीस्की 70 कार्टन में 840 बोतल एवं राॅयल चेलेन्ज व्हीस्की के 190 कार्टन में 9120 पव्वे जब्त किए। मौके से ट्रक चालक मसरी कोडीयातार निवासी पोरबंदर गुजरात को गिरफ्तार कर अभियोग दर्ज किया। उक्त शराब की अनुमानित कीमत 30 लाख रूपए है। उल्लेखनीय है कि अंग्रेजी शराब की खेप की गुजरात में सप्लाई की जा रही थी।

उपायुक्त ईपीएफ प्रद्युम्न सिंह चुण्डावत ने बताया कि ईपीएफ थाना क्षेत्र खेरवाड़ा में एक अन्य कार्रवाई में ट्रक से अनुमानित 5 लाख रूपए की अंग्रेजी शराब जब्त की गई। कार्रवाई के तहत ऑल सीजन गोल्डन कलेक्शन व्हीस्की के 45 कार्टन में 2160 पव्वे बरामद कर अभियोग दर्ज किया।

इस टीम ने की कार्रवाई-  अवैध शराब के विरूद्ध कार्रवाई में उपायुक्त ईपीएफ प्रद्युम्न सिंह चुण्डावत के प्रभावी नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक खेरवाड़ा जितेन्द्र सिंह राठौड़, आबकारी निरीक्षक डूंगरपुर राहुल शर्मा, प्रहराधिकारी कैलाशचन्द्र, जमादार मांगीलाल, सिपाही बंशीलाल, गार्ड शंकरलाल सम्मिलित रहे।  

हनुमानगढ़ में अवैध मदिरा की बड़ी खेप पकड़ी,अरंडी के छीलके की बोरियों के नीच मिली शराब,ट्रक में पंजाब से राजस्थान होकर गुजरात तक मदिरा की तस्करी—

उपायुक्त ईपीएफ पोमाराम रोहिण ने बतया कि आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में हनुमानगढ़ जिले के आबकारी थाना क्षेत्र संगरिया में ईपीएफ टीम ने भारतमाला एक्सप्रेस वे पर एक 12 चक्के के ट्रक को रोककर तलाशी लेने पर अरंडी के छीलकों से भरी बोरियों के नीचे छीपाकर रखी गई पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त की गई। यह शराब पंजाब से राजस्थान होकर गुजरात लेकर जा रहे थे। कार्रवाई के तहत राॅयल चेलेन्ज व्हीस्की 450 कार्टन, राॅयल स्टेग व्हीस्की 180 कार्टन, ऑल सीजन व्हीस्की 440 कार्टन सहित कुल 1070 कार्टन में 12 हजार 840 बोतल फोर सेल इन पंजाब अंग्रेजी शराब जब्त की गई। मौके पर ट्रक को जब्त कर अभियुक्त मंगलाराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया। उक्त मदिरा की अनुमानित लागत 90 लाख रूपए आंकी गई है। प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान पीओ ईपीएफ संगरिया विनोद सिंह द्वारा किया जा रहा है।

इस प्रकार आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेश के उदयपुर व हनुमानगढ़ जिलों में अवैध मदिरा के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई से तस्करी के नेटवर्क पर अंकुश लगेगा साथ ही आबकारी विभाग की राजस्व क्षति रोकने में सहायता मिलेगी।