बनासकांठा। गुजरात में डेयरी क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से 127 एकड़ में फैले 'भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर' का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। बनासकांठा पहुंचे प्रधानमंत्री का मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह मंत्री हर्ष सांघवी के साथ बनास डेयरी परिसर में भव्य रोड शो के जरिए स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री ने इस केंद्र को विज्ञान और नवाचार का अनूठा मेल बताते हुए कहा कि यह तकनीक के साथ-साथ 'कांकरेज' जैसी प्रसिद्ध स्वदेशी नस्लों के संरक्षण और संवर्धन में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगा।
दो दिवसीय गुजरात दौरे में 14 हजार करोड़ की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहां वे राज्य को लगभग 14 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उपहार देंगे। इस दौरान वे पीएम-किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के रूप में 19 हजार करोड़ रुपये जारी करेंगे और दो नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। उनके इस दौरे में पशुपालन, कृषि, सड़क, मेट्रो और पर्यटन से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि
अपने दौरे के दूसरे दिन 31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री एकता नगर पहुंचकर सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। वे राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह और नर्मदा आरती में हिस्सा लेने के साथ एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वे 15 नवंबर तक चलने वाले 'भारत पर्व 2026' का भी शुभारंभ करेंगे, जिसमें देश की सांस्कृतिक विविधता और लोककला का प्रदर्शन किया जाएगा।
अहमदाबाद मेट्रो विस्तार और हाईवे चौड़ीकरण
शहरी परिवहन को सुगम बनाने के लिए प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2ए (कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट) और फेज-2बी (गिफ्ट सिटी से शाहपुर) की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही अहमदाबाद-मेहसाणा स्टेट हाईवे-41 को लगभग 2,600 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन से बढ़ाकर आठ लेन करने की परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा, जिससे उत्तर गुजरात के बीच आवागमन सुगम हो जाएगा।
कृषि ढांचा और आंगनवाड़ी केंद्रों का सुदृढ़ीकरण
कृषि क्षेत्र को मजबूती देने के लिए प्रधानमंत्री कृषि बुनियादी ढांचा कोष की 4,950 करोड़ रुपये लागत वाली 521 परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें कोल्ड स्टोरेज, गोदाम, साइलो और प्रोसेसिंग यूनिट्स जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, महिलाओं और बच्चों के विकास के लिए 800 करोड़ रुपये की लागत से 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखी जाएगी और 361 निर्मित केंद्रों का उद्घाटन किया जाएगा।

More Stories
एकतानगर में पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, पीएम मोदी ने शुरू किए 400 करोड़ के प्रोजेक्ट
राष्ट्रपति मुर्मू और CM फडणवीस ने किया ध्वजारोहण, नासिक कुंभ मेले की तैयारियों को मिली गति
CEC को हटाने की तैयारी में कांग्रेस, खरगे आवास पर जुटे बड़े नेता