क्षेत्रीय तनाव पर चर्चा, पीएम मोदी और कुवैत के अमीर के बीच संवाद

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुवैत के अमीर शेख मशाल अल-अहमद अल-जाबेर अल-सबाह से फोन पर उच्च स्तरीय बातचीत की है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कुवैत पर हाल ही में हुए हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की और वहां के हालात पर गहरी चिंता जताई। दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्र में हिंसक हमले तेज हो गए हैं और ईरान द्वारा कुवैत के रणनीतिक ठिकानों को ड्रोन से निशाना बनाया जा रहा है।

हमलों में भारतीय नागरिकों की मौत पर चिंता

इन हमलों का सीधा असर वहां रह रहे भारतीय नागरिकों पर भी पड़ा है। बीते 3 जून को कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए एक हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई थी, जबकि इससे पहले 30 मार्च को एक बिजली और पानी के प्लांट पर हुए हमले में भी एक अन्य भारतीय की मौत हो गई थी। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, दोनों नेताओं ने सुरक्षा स्थिति पर गंभीर चर्चा की। पीएम मोदी ने बातचीत के जरिए जल्द से जल्द शांति बहाल करने की भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया। इसके साथ ही उन्होंने कुवैत में रह रहे करीब 10.3 लाख भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए अमीर का आभार व्यक्त किया, जो कुवैत की कुल आबादी का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा हैं।

तेल संकट और कच्चे तेल की नई पेशकश

सुरक्षा के अलावा यह बातचीत ऊर्जा और तेल आपूर्ति के नजरिए से भी काफी अहम मानी जा रही है। इस तनावपूर्ण माहौल के बीच कुवैत पहली बार एशिया की रिफाइनरियों को अपना कच्चा तेल बेचने की पेशकश कर रहा है। इसके तहत मुख्य निर्यात ग्रेड के तेल के करीब 40 लाख बैरल दो बड़े जहाजों के जरिए चीन और दक्षिण कोरिया भेजे जा रहे हैं, ताकि वैश्विक बाजार में तेल की आपूर्ति बनी रहे।

ओमान ने बचाई 24 भारतीयों की जान

इसी बीच भारत के विदेश मंत्रालय ने ओमान सरकार का विशेष रूप से धन्यवाद किया है। ओमान ने अपने समुद्री तट के पास एक क्षतिग्रस्त जहाज से भारतीय चालक दल के सभी 24 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया है। 'एमटी मैरिवेक्स' नाम का यह जहाज अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन करने के कारण प्रतिबंधित सूची में था। सोमवार को अमेरिकी नौसेना की एक कार्रवाई के बाद इस जहाज में आग लग गई थी, जिसके बाद ओमान की सेना ने तत्परता दिखाते हुए सभी भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।