जबलपुर से अब सीधे कोलकाता की उड़ान, एयरलाइन ने जारी किया पूरा शेड्यूल

जबलपुर: महाकौशल क्षेत्र के हवाई यात्रियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। एलायंस एयर 8 अगस्त से जबलपुर से कोलकाता के बीच सीधी विमान सेवा शुरू करने जा रहा है। कंपनी ने इस नई उड़ान का शेड्यूल जारी कर दिया है, जिससे यात्रियों को भोपाल या दिल्ली होकर यात्रा करने की मजबूरी से मुक्ति मिलेगी।

सप्ताह में 3 दिन मिलेगी सीधी उड़ान सुविधा

इस नई डायरेक्ट फ्लाइट के शुरू होने से समय की भारी बचत होगी और यात्रा बेहद सुगम हो जाएगी। यात्रियों को हफ्ते में तीन दिन यह सीधी सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। क्षेत्रीय सांसद आशीष दुबे ने हाल ही में एलायंस एयर के अध्यक्ष अमित कुमार से मुलाकात कर कनेक्टिविटी बढ़ाने पर विशेष चर्चा की थी, जिसके बाद इस सेवा को हरी झंडी मिली है।

व्यापार, शिक्षा और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

कोलकाता जैसे देश के प्रमुख व्यापारिक केंद्र से सीधा संपर्क स्थापित होने से जबलपुर और आसपास के इलाकों के व्यापार को नए अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही, बेहतर शिक्षा और उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के लिए जाने वाले छात्रों व मरीजों को सीधा लाभ पहुंचेगा। महाकौशल के प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों तक पर्यटकों की पहुंच आसान होने से स्थानीय पर्यटन उद्योग को भी गति मिलेगी।

रीवा से भी भोपाल और कोलकाता के लिए उड़ानें 9 अगस्त से

विंध्य क्षेत्र के रीवा जिले को भी उड्डयन क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। 9 अगस्त से रीवा से भोपाल और कोलकाता के लिए 72-सीटर विमान सेवाओं का संचालन प्रारंभ हो जाएगा। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर उन्हें इस शुभारंभ समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया है।