दुनिया के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और उनकी पार्टनर व स्पेनिश मॉडल जॉर्जिना रोड्रिगेज ने अपनी शादी को लेकर सभी को हैरान कर दिया है। जहां आमतौर पर किसी भी बड़े सेलिब्रिटी की शादी आलीशान महलों, भव्य वेन्यू और बड़ी मेहमान सूची के साथ होती है, वहीं इस स्टार कपल ने इसके बिल्कुल विपरीत बेहद सादगी का रास्ता चुना। बीते 11 अगस्त को दोनों ने अपने घर के लिविंग रूम में शादी के वचन लिए। रोनाल्डो ने सोशल मीडिया पर हाथों में वेडिंग रिंग पहने अपनी और जॉर्जिना की एक प्यारी तस्वीर शेयर कर इस बात की पुष्टि की थी, जिसके कैप्शन में उन्होंने 'CG' लिखकर बीच में दिल का इमोजी बनाया था।
बचपन के सपनों से बिल्कुल अलग थी शादी
'वोग' (Vogue) को दिए गए इंटरव्यू में जॉर्जिना ने खुलकर बताया कि बचपन में वह अपनी शादी को लेकर क्या कल्पना करती थीं। उन्होंने कहा, "मैं सबसे बड़े महल, सबसे बड़ी बग्घी, सबसे लंबी ड्रेस और हीरों से जड़े मुकुट का सपना देखा करती थी। लेकिन अब मैं कहती हूं—नहीं। मैं अपने पार्टनर और बच्चों के साथ घर पर सुकून और प्राइवेसी चाहती हूं।"
उन्होंने आगे कहा कि महल, आलीशान घर, प्राइवेट आइलैंड, घोड़े और लग्जरी कारें तो उनके पास हर दिन मौजूद हैं, लेकिन अपनी जिंदगी के इन खास पलों को पूरी तरह निजी रखना उनके लिए ज्यादा मायने रखता है।
घर के लिविंग रूम को क्यों बनाया वेडिंग वेन्यू?
जॉर्जिना ने बताया कि उन्होंने किसी महंगे होटल या महल के बजाय अपने घर के उस लिविंग रूम को चुना, जहां उनका परिवार रोजमर्रा की जिंदगी जीता है।
-
"हमने इसे अपने घर के उसी लिविंग रूम में करने का फैसला किया, जहां हम साथ बैठकर नाश्ता, लंच और डिनर करते हैं। मैं चाहती हूं कि आज से 30 साल बाद हमारे बच्चे इस टेबल को देखकर कहें कि यहीं कुछ अद्भुत हुआ था, यहीं हमारे माता-पिता ने शादी की कसमें खाई थीं।"
-
इस पर रोनाल्डो ने मजाकिया अंदाज में चुटकी लेते हुए कहा, "शायद तब तक यह वही टेबल न रहे, क्योंकि हो सकता है कि हम आने वाले समय में घर की सजावट बदल दें।"
साल 2016 में गुच्ची स्टोर पर हुई थी पहली मुलाकात
क्रिस्टियानो और जॉर्जिना की प्रेम कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात अगस्त 2016 में मैड्रिड के एक गुच्ची (Gucci) स्टोर पर हुई थी, जहां जॉर्जिना एक सेल्स असिस्टेंट के रूप में काम करती थीं।
उस जादुई पल को याद करते हुए जॉर्जिना ने बताया, "मैं उनकी ओर पीठ करके खड़ी थी, फिर मुड़ी और उन्हें देखा। हमारी नजरें मिलीं और उस पल ऐसा लगा जैसे कोई सपना सच हो गया हो।" रोनाल्डो ने भी इस बात पर सहमति जताते हुए कहा, "हां, बिल्कुल एक सपने जैसा। मैं जानता हूं कि वह मेरी जिंदगी का प्यार हैं, और मुझे पूरा यकीन है कि मैं भी उनके लिए वही महसूस करता हूं।"
भविष्य में हो सकती है बड़ी पार्टी
फिलहाल कपल ने अपने पांचों बच्चों और बेहद करीबी माहौल में चुपचाप शादी रचा ली है, लेकिन जॉर्जिना ने यह भी संकेत दिया है कि भविष्य में परिवार और दोस्तों के साथ इस खुशी को बड़े स्तर पर सेलिब्रेट करने के लिए वे एक भव्य पार्टी का आयोजन कर सकते हैं।

More Stories
हवा में उड़कर शुभमन गिल ने पकड़ा वन-हैंडेड कैच, मैदान पर हर कोई रह गया दंग
टीम इंडियाके गेंदबाजों ने मचाया तहलका, 90 रन तक श्रीलंका के 5 विकेट गिरे
मैनचेस्टर सुपरजाएंट्स ने रचा इतिहास, डेब्यू सीजन में जीता खिताब; संजीव गोयनका का पोस्ट छाया