दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस और उसके आनुषांगिक संगठनों का विरोध प्रदर्शन लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। बीते मंगलवार को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प देखने को मिली थी। इस दौरान एनएसयूआई नेत्री रितु बराला और एक महिला पुलिसकर्मी के बीच हुई हाथापाई का मामला तूल पकड़ गया, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर संगीन आरोप लगाते हुए संसद मार्ग थाने के बाहर मोर्चा खोल दिया था और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर पूरी रात धरना दिया।
भोर में पुलिस ने नेताओं को लिया हिरासत में
रातभर चले धरने और हंगामे के बाद बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे दिल्ली पुलिस की एक बड़ी टीम संसद मार्ग थाने के बाहर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, वरिष्ठ नेता श्रीनिवास बीवी समेत कई अन्य कांग्रेसी नेताओं और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें वहां से हटा दिया।
श्रीनिवास बीवी और उदयभानु चिब का तीखा हमला
गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर जमकर भड़ास निकाली। भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस यह भूल चुकी है कि उसे वेतन भारत की आम जनता के टैक्स से मिलता है न कि किसी राजनीतिक दल के मुख्यालय से। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर एनएसयूआई की महिला कार्यकर्ताओं पर पुलिसिया जुल्म ढाया गया है, जिसका हिसाब वक्त आने पर जरूर लिया जाएगा। वहीं, आईवाईसी अध्यक्ष उदयभानु चिब ने सोशल मीडिया और बयानों के जरिए सवाल उठाया कि रातभर एफआईआर की मांग करने वालों को सुबह साढ़े चार बजे गिरफ्तार करना कौन सा न्याय है, और एनएसयूआई की कार्यकर्ता रितु बराला तथा अथिरा का असल गुनाह क्या था।
सीजेपी की ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा से पहले सख्ती
इस राजनीतिक उठापटक और धरने-प्रदर्शन के बीच आज दिल्ली में सीजेपी द्वारा ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा निकाले जाने का ऐलान किया गया है। इस संभावित आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं। हालांकि, यात्रा के शुरू होने से पहले ही पुलिस द्वारा बड़े पैमाने पर विपक्षी नेताओं और छात्र कार्यकर्ताओं की गई इस त्वरित कार्रवाई के बाद से राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है और कांग्रेस नेताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर है।

More Stories
राजनाथ सिंह का आरोप- युवाओं को मोहरा बना रही है कांग्रेस
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव पर भारत सख्त, कहा- तुरंत रोके जाएं हमले
अक्टूबर में मौसम का अचानक बदला मिजाज, पहाड़ों से मैदानों तक ठंड बढ़ी