November 20, 2026

चुनावी मोड में कांग्रेस, पंजाब के लिए बनाई 42 सदस्यीय टीम

नई दिल्ली। वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत कांग्रेस ने 42 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति का गठन कर दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस समिति के गठन के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है।

एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक बयान में इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश चुनाव समिति बनाने के प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है। इस 42 सदस्यीय समिति में कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है, जिनमें पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, अंबिका सोनी, राजिंदर कौर भट्टल, सुखजिंदर सिंह रंधावा और मनीष तिवारी के नाम प्रमुख हैं। इसके अलावा पंजाब के प्रभारी एआईसीसी महासचिव, उनसे जुड़े सचिव और राज्य में कांग्रेस के विभिन्न संगठनों के प्रदेश प्रमुख भी पदेन सदस्य के रूप में समिति का हिस्सा रहेंगे।

चुनावी तैयारियों को लेकर लगातार कदम

कांग्रेस ने इससे पहले सोमवार को पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए स्क्रीनिंग समितियों का गठन किया था। वहीं, उससे पहले रविवार को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अन्य दलों से कांग्रेस में आने वाले नेताओं के प्रवेश के समन्वय और निगरानी के लिए चार सदस्यीय समिति बनाई थी। ये सभी कदम ऐसे समय में उठाए जा रहे हैं, जब राजनीतिक दलों ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए जमीनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

समिति में शामिल प्रमुख चेहरे

कांग्रेस की पंजाब चुनाव समिति में परगट सिंह, प्रताप सिंह बाजवा, अंबिका सोनी, राजिंदर कौर भट्टल, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, मनीष तिवारी, विजय इंदर सिंगला, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, शमशेर सिंह दूलो, सुखपाल सिंह खैरा, अमर सिंह, गुरजीत सिंह औजला, शेर सिंह घुबाया, धर्मवीरा गांधी, किशोरी लाल शर्मा, संगत सिंह गिलजियां, सुखविंदर सिंह डैनी, राज कुमार वेरका, कुलजीत सिंह नागरा, गुरकीरत सिंह, ओम प्रकाश सोनी, संतोष चौधरी, मालती थापर, राणा कंवर पाल सिंह, भारत भूषण आशु, अरुणा चौधरी और ब्रह्म महिंद्रा शामिल हैं।

इनके अतिरिक्त समिति में रजिया सुल्ताना, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, राणा गुरजीत सिंह, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, गुरप्रीत सिंह कांगड़, बलबीर सिंह सिद्धू, साधु सिंह धर्मसोत, रणदीप सिंह नाभा, अवतार हेनरी सीनियर, कुशलदीप सिंह ढिल्लो, हरदेव सिंह लाडी, कैप्टन संदीप सिंह संधू, अजीत इंदर सिंह मोफर और प्रो. इमानुएल नाहर को भी सदस्य बनाया गया है।