रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जीपीएम जिले में जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जल जन सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत आज गौरेला विकासखंड के झगराखंड जलाशय में स्वच्छता एवं जल संरक्षण जागरूकता अभियान चलाया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल संसाधन विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त समन्वय से आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए जलाशय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की और जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान जल जन चौपाल, जल संकल्प, ग्रामीण पेयजल स्रोतों की जांच एवं ग्राम जल सुरक्षा संवाद के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण और सुरक्षित पेयजल के महत्व की जानकारी दी गई। विभागीय अमले ने बताया कि जल जीवन का आधार है और इसकी प्रत्येक बूंद का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जल स्रोतों में गंदगी एवं अपशिष्ट पदार्थ डालने से जल की गुणवत्ता प्रभावित होती है, इसलिए जलाशयों, तालाबों, नदियों एवं अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखना आवश्यक है।
जल चौपाल में ग्रामीणों को वर्षा जल संचयन, पानी के विवेकपूर्ण उपयोग, जल के अपव्यय को रोकने तथा पेयजल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई एवं देखरेख के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और इस अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने, पानी का सदुपयोग करने तथा भावी पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण के प्रति सजग रहने का सामूहिक संकल्प लिया। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़कर जल सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

More Stories
नीली क्रांति से संवरी नीलकंठ की जिंदगी: ‘मावा मीन मिशन’ और PMMSY ने बदली किस्मत, बेलगांव में स्वरोजगार से छाई आर्थिक खुशहाली
छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति से बदली चीतुराम शोरी की जिंदगी
सेवा संकल्प अभियान के तहत मितानिन दीदियों का कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया सम्मान, जनसेवा में योगदान की सराहना की