भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 से 17 जुलाई तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत टैक्स-2026 में देश-विदेश के प्रमुख टेक्सटाइल निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और वैश्विक ब्रांडों से संवाद कर मध्यप्रदेश में निवेश के नए अवसरों को गति देंगे। एकल उद्योग बैठकों, राउंड टेबल चर्चा, समझौता ज्ञापनों और निवेशक संवाद के माध्यम से राज्य में टेक्सटाइल, गारमेंट एवं फुटवियर क्षेत्र में नया निवेश आकर्षित करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। भारत टेक्ट-2026 में मध्यप्रदेश का विशेष पेवेलियन राज्य की उद्योग हितैषी नीतियों, आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना, कौशल विकास, पीएम मित्र पार्क तथा टेक्सटाइल क्षेत्र की संपूर्ण औद्योगिक श्रृंखला को वैश्विक उद्योग जगत के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की देश-विदेश की प्रमुख टेक्सटाइल एवं गारमेंट कंपनियों के साथ प्रस्तावित एकल बैठकों में नए निवेश, उत्पादन क्षमता विस्तार, निर्यात वृद्धि, रोजगार सृजन तथा तकनीकी सहयोग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। इस अवसर पर केन्द्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह भी उपस्थित रहेंगे। निवेश संवर्धन, कौशल विकास, निर्यात प्रोत्साहन और औद्योगिक सहयोग को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। साथ ही अनेक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों द्वारा जनवरी 2027 में मध्यप्रदेश में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भागीदारी और निवेश के प्रति अपनी रुचि भी व्यक्त किए जाने की संभावना है।
भारत टेक्स-2026 में विशेष राउंड टेबल बैठक भी मध्यप्रदेश के लिए महत्वपूर्ण रहेगी, जिसमें टेक्सटाइल एवं गारमेंट उद्योग से जुड़े 100 से अधिक उद्योगपति, निवेशक और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
बैठक में निर्यात संवर्धन, वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता, सतत विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, कौशल विकास और निवेश से जुड़े विषयों पर उद्योग जगत के सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। इन सुझावों के आधार पर राज्य में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार और निवेश को नई गति देने की दिशा में आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवेशकों के समक्ष मध्यप्रदेश की उन विशेषताओं को भी रेखांकित करेंगे, जिसने राज्य को देश के अग्रणी टेक्सटाइल निवेश गंतव्यों में शामिल किया है। राज्य में कपास उत्पादन से लेकर स्पिनिंग, वीविंग, निटिंग, डाइंग, फिनिशिंग और गारमेंट निर्माण तक संपूर्ण टेक्सटाइल वैल्यू चेन उपलब्ध है। देश के सबसे बड़े ऑर्गेनिक कॉटन उत्पादक राज्य के रूप में मध्यप्रदेश की पहचान, 'फार्म टू फैशन' की अवधारणा पर विकसित हो रहा टेक्सटाइल इको सिस्टम तथा धार जिले में लगभग 2,158 एकड़ में विकसित हो रहा पीएम मित्र पार्क वैश्विक निवेशकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। टेक्सटाइल, गारमेंट एवं फुटवियर क्षेत्र के लिए उपलब्ध पूंजी निवेश प्रोत्साहन, ब्याज अनुदान, विद्युत शुल्क प्रतिपूर्ति, भूमि संबंधी रियायतों और अन्य औद्योगिक सुविधाओं की जानकारी भी निवेशकों को दी जाएगी।
भारत टेक्स-2026 के माध्यम से मध्यप्रदेश का प्रयास टेक्सटाइल क्षेत्र में नए निवेश, अधिक रोजगार, निर्यात विस्तार और दीर्घकालीन औद्योगिक साझेदारियों को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य के साथ मुख्यमंत्री उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को जनवरी-2027 में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में सहभागी बनने का आमंत्रण देंगे और मध्यप्रदेश की औद्योगिक विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान करेंगे।

More Stories
ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता, समयबद्ध निर्माण और तकनीकी क्षमता बढ़ाने पर जोर
एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 में लगभग 40 हज़ार करोड़ के निवेश हुए प्राप्त: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ 14 जुलाई को