छत्तीसगढ़ BJP अध्यक्ष किरण देव दिल्ली रेफर, कमर की चोट के चलते मेदांता अस्पताल में होगा उपचार

रायपुर| सड़क दुर्घटना में घायल हुए छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर से विधायक किरण सिंह देव को बेहतर और उन्नत चिकित्सा के लिए गुरुवार सुबह एयर एम्बुलेंस के माध्यम से दिल्ली रवाना किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है, लेकिन रीढ़ की हड्डी (स्पाइन) में फ्रैक्चर की पुष्टि होने के बाद उन्हें विशेष उपचार के लिए दिल्ली-एनसीआर स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दतिया से एयर एम्बुलेंस द्वारा दिल्ली भेजे गए

चिकित्सा महाविद्यालय के मुख्य चिकित्सा अधिकारी सचिन माहौर के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7:15 बजे किरण सिंह देव को विशेष एम्बुलेंस के जरिए दतिया ले जाया गया, जहां से उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया। अस्पताल पहुंचने के बाद स्पाइन और ऑर्थोपेडिक (हड्डियों के रोग) विशेषज्ञों की एक विशेष टीम उनकी विस्तृत जांच कर रही है, जिसके आधार पर आगे के इलाज की रणनीति तय की जाएगी।

प्राथमिक जांच और एमआरआई रिपोर्ट में रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर की बात सामने आने के बाद ही उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा वाले केंद्र में भेजने का निर्णय लिया गया था। विशेषज्ञ यह तय करेंगे कि उनका उपचार दवाइयों और बेड रेस्ट से संभव है या फिर सर्जरी की आवश्यकता है।

कैसे हुआ था हादसा?

यह भीषण सड़क हादसा बुधवार शाम झांसी-ललितपुर हाईवे पर तालबेहट के टेकरी गांव के समीप हुआ था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, किरण सिंह देव अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम में दर्शन करने के पश्चात रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार द्वारा अचानक कट मारे जाने के कारण उनका ड्राइवर वाहन से नियंत्रण खो बैठा और उनकी इनोवा कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि दुर्घटना के वक्त कार के सभी एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और वाहन में सवार लोगों की जान बच गई। पीछे की सीट पर बैठीं रीना सिंह देव और आयुषी को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल किरण सिंह देव विशेषज्ञ चिकित्सकों की कड़ी निगरानी में हैं और उनके स्वास्थ्य में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।